कटघोरा-कसनिया मार्ग पर बस और बोलेरो में आमने-सामने टक्कर, कई घायल

WhatsApp Channel Join Now
कटघोरा-कसनिया मार्ग पर बस और बोलेरो में आमने-सामने टक्कर, कई घायल


कटघोरा-कसनिया मार्ग पर बस और बोलेरो में आमने-सामने टक्कर, कई घायल


कटघोरा-कसनिया मार्ग पर बस और बोलेरो में आमने-सामने टक्कर, कई घायल


कोरबा/कटघोरा, 03 अगस्त (हि. स.)। जिले के कटघोरा-कसनिया मुख्य मार्ग पर सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सड़क किनारे अवैध तरीके से खड़े भारी वाहनों के कारण यात्री बस और बोलेरो वाहन की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि बोलेरो वाहन के सामने का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में दोनों वाहनों में सवार कई लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी की मौत की सूचना सामने नहीं आई है।

जानकारी के अनुसार, कटघोरा-कसनिया मार्ग पर लंबे समय से सड़क किनारे भारी वाहनों को खड़ा किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि हादसे के समय भी नो-पार्किंग क्षेत्र में कई ट्रक खड़े थे, जिससे सड़क की चौड़ाई कम हो गई थी। वहीं मार्ग पर मौजूद अंधा मोड़ और खड़े ट्रकों के कारण सामने से आ रहे वाहनों को देखने में परेशानी हो रही थी।

इसी दौरान तेज रफ्तार यात्री बस और बोलेरो वाहन आमने-सामने आ गए। दोनों वाहन चालकों को सामने से आ रहे वाहन का सही अंदाजा नहीं लग पाया और देखते ही देखते दोनों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार शुरू हो गई।

हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने मानवता दिखाते हुए बस और बोलेरो में फंसे घायलों को बाहर निकाला और पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को क्रेन की सहायता से सड़क से हटवाकर यातायात व्यवस्था बहाल कराई। हादसे के बाद पुलिस प्रशासन ने सड़क किनारे अवैध रूप से वाहन खड़ा करने वाले ट्रक मालिकों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कटघोरा-कसनिया मार्ग पर सड़क किनारे भारी वाहनों की पार्किंग लंबे समय से परेशानी का कारण बनी हुई है। कई बार शिकायतों के बावजूद व्यवस्था में सुधार नहीं होने से हादसों का खतरा बना रहता है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story