कार्तिक पूर्णिमा व्रत और देव दीपावली 24 नवंबर को, शास्त्रसम्मत तिथि पर होगा पूजन-अर्चन
धमतरी, 23 नवंबर (हि.स.)। कार्तिक पूर्णिमा व्रत एवं देव दीपावली का पावन पर्व मंगलवार, 24 नवंबर को श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उल्लास के साथ मनाया जाएगा।
विप्र विद्वत परिषद धमतरी ने धर्मशास्त्रीय तिथि-विचार के आधार पर श्रद्धालुओं को पर्व की तिथि के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि मंगलवार को सूर्योदय व्यापिनी होने के कारण व्रत, स्नान, दान, पूजन और दीपदान के लिए यही दिन शास्त्रसम्मत है। परिषद ने धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से निर्धारित तिथि पर विधि-विधान से पर्व मनाने की अपील की है। सनातन धर्म में कार्तिक पूर्णिमा का विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व माना गया है। इस दिन भगवान विष्णु और भगवान शिव की पूजा-अर्चना करने, पवित्र नदियों में स्नान, तुलसी पूजन, दीपदान तथा जरूरतमंदों को दान देने की विशेष परंपरा है। मान्यता है कि इस दिन श्रद्धा और भक्ति के साथ किए गए धार्मिक अनुष्ठानों से पुण्य की प्राप्ति होती है। कार्तिक पूर्णिमा को देव दीपावली और त्रिपुरारी पूर्णिमा के रूप में भी मनाया जाता है। इस अवसर पर मंदिरों और देवालयों में विशेष पूजा-अर्चना के साथ दीप प्रज्ज्वलित किए जाते हैं। घरों में भी दीप सजाकर भगवान की स्तुति और आराधना की जाती है।
विप्र विद्वत परिषद के अध्यक्ष पंडित बालेंद्र पांडे ने बताया कि सनातन परंपरा में पर्व-त्योहारों के आयोजन में तिथियों का विशेष महत्व है। धर्मशास्त्रों में निर्धारित तिथि के अनुसार ही व्रत और पूजन करने से उसका विशेष फल प्राप्त होता है। श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान शास्त्रों में बताई गई विधि और धार्मिक नियमों का ध्यान रखना चाहिए। वहीं परिषद के मीडिया सलाहकार पंडित राजकुमार तिवारी ने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली का पर्व भगवान की स्तुति, आराधना और दीपदान का विशेष अवसर है। विधि-विधान और सच्चे मन से की गई पूजा-अर्चना से जीवन में सुख-समृद्धि आती है। उन्होंने श्रद्धालुओं से इस पावन अवसर पर भगवान का स्मरण कर दीपदान करने और धर्म परंपराओं का पालन करने का आह्वान किया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

