बलरामपुर : कार्तिक पूर्णिमा पर कन्हर नदी में उमड़े श्रद्धालु, स्नान-पूजन के साथ मंदिरों में भारी भीड़

WhatsApp Channel Join Now
बलरामपुर : कार्तिक पूर्णिमा पर कन्हर नदी में उमड़े श्रद्धालु, स्नान-पूजन के साथ मंदिरों में भारी भीड़


बलरामपुर : कार्तिक पूर्णिमा पर कन्हर नदी में उमड़े श्रद्धालु, स्नान-पूजन के साथ मंदिरों में भारी भीड़


बलरामपुर, 24 नवंबर (हि.स.)। कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली के अवसर पर रामानुजगंज में मंगलवार को धार्मिक उत्साह का माहौल रहा। सुबह से ही नगर के विभिन्न मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। कन्हर नदी के तट पर भोर से ही बड़ी संख्या में महिलाएं और अन्य श्रद्धालु स्नान के लिए पहुंचे। स्नान के बाद लोगों ने मंदिरों में पूजा-अर्चना की और भगवान सत्यनारायण की कथा सुनकर सुख-समृद्धि की कामना की।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा के दिन पवित्र नदियों में स्नान और भगवान विष्णु की आराधना का विशेष महत्व है। माना जाता है कि इस दिन श्रद्धा के साथ स्नान, दान और पूजा-पाठ करने से अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है। इसी आस्था के चलते रामानुजगंज और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु कन्हर नदी पहुंचे। स्थानीय लोग कन्हर नदी को उत्तरवाहिनी गंगा के समान पवित्र मानते हैं।

नगर के प्रसिद्ध राम मंदिर के पुजारी यशपाल दुबे ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा के दिन महिलाएं सुबह करीब चार बजे से ही कन्हर नदी में स्नान के लिए पहुंचने लगती हैं। स्नान के बाद श्रद्धालु राम मंदिर में परिक्रमा करते हैं और भगवान श्री सत्यनारायण की कथा सुनते हैं। कथा के बाद प्रसाद ग्रहण कर अपने घर लौटते हैं। उन्होंने बताया कि शाम को मंदिर परिसर में दीप प्रज्वलित किए जाते हैं और प्रसाद वितरण के साथ देव दीपावली मनाई जाती है।

पुजारी दुबे के अनुसार धार्मिक मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा के दिन देवता धरती पर आते हैं। इसी विश्वास के साथ श्रद्धालु मंदिरों में दीप जलाकर पूजा-पाठ करते हैं और भगवान से सुख, शांति एवं समृद्धि का आशीर्वाद मांगते हैं। शाम को दीपों की रोशनी से मंदिर परिसर जगमगा उठता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782255 Articles

Share this story