कर्मा महोत्सव में मुख्यमंत्री ने दी 71.48 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, वाड्रफनगर में उप पंजीयक कार्यालय और रकसगंडा पर्यटन विकास की घोषणा
बलरामपुर, 27 नवंबर (हि.स.)। बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर विकासखंड के रघुनाथनगर में शुक्रवार को आयोजित कर्मा महोत्सव में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बलरामपुर-रामानुजगंज जिले को 71 करोड़ 48 लाख रुपये के 694 विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें 54.21 करोड़ रुपये के 672 कार्यों का भूमिपूजन और 17.27 करोड़ रुपये के 22 कार्यों का लोकार्पण शामिल है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों की मांग पर वाड्रफनगर में उप पंजीयक कार्यालय भवन निर्माण, रकसगंडा को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने सहित कई घोषणाएं भी कीं।
शासकीय हाई स्कूल मैदान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने भगवानपुर-मेंढ़ारी और डिंडो-विमलापुर-नवाडीह सड़क निर्माण एवं उन्नयन कार्यों का भूमिपूजन किया। इसके साथ ही सात नल-जल योजनाओं, रामानुजगंज सिविल अस्पताल की डायलिसिस यूनिट, 12 आंगनबाड़ी भवनों, राजपुर के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कार्यालय और चांदो के तहसील कार्यालय भवन का लोकार्पण किया गया। विकास कार्यों के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिया, मिट्टी-मुरुम सड़कें और स्कूलों में अतिरिक्त कक्षों का निर्माण भी शामिल है।
मुख्यमंत्री ने वाड्रफनगर में उप पंजीयक कार्यालय भवन बनाने और नगर पंचायत के अधूरे नगर वन पार्क का काम पूरा कराने की घोषणा की। इसके अलावा रघुनाथनगर और बरतीकला में मंगल भवन तथा महेवा में विद्युत सब स्टेशन स्थापित किया जाएगा। रकसगंडा को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने की भी घोषणा की गई।
मुख्यमंत्री ने करमा देव को प्रणाम कर क्षेत्रवासियों को करमा महोत्सव की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर आयोजित मेगा महिला स्वास्थ्य शिविर की सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्र की महिलाओं को उनके आसपास ही विशेषज्ञ चिकित्सकों से जांच और उपचार की सुविधा मिल रही है। शिविर में 40 से अधिक डॉक्टर सेवाएं दे रहे हैं। मुख्यमंत्री ने सेवा भाव से काम कर रहे चिकित्सकों के प्रति आभार जताया।
किसानों के हित में सरकार के प्रयासों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान की खरीदी की जा रही है। कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि जिन किसानों की पैदावार 21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम है, उन्हें भी निर्धारित पूरी सहायता राशि मिलेगी। धान खरीदी को सुगम बनाने के लिए इस वर्ष 360 नए खरीदी केंद्र भी शुरू किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत 68 लाख से अधिक महिलाओं को अब तक 35 किस्तों में 21,350 करोड़ रुपये की राशि दी जा चुकी है। उन्होंने सुशासन एवं अभिसरण विभाग के माध्यम से पारदर्शी प्रशासन और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की बात भी कही।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन की पहल ‘वृद्धजन क्लिनिक’ का शुभारंभ किया। ‘स्वस्थ वृद्ध, खुशहाल जीवन’ की अवधारणा पर शुरू किए गए इस क्लिनिक में बुजुर्गों के लिए अलग पंजीयन काउंटर की व्यवस्था रहेगी। यहां चिकित्सकीय जांच और परामर्श के साथ जेरियाट्रिक फिजियोथेरेपी, इन्फ्रारेड थेरेपी, मसाज चेयर और आयुष पद्धति की शिरोधारा जैसी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी।
कार्यक्रम स्थल पर आयोजित मेगा महिला स्वास्थ्य शिविर में शाम पांच बजे तक 7,259 लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। इनमें 4,224 महिलाएं और 3,035 पुरुष शामिल थे। मेडिसिन विशेषज्ञों ने सबसे अधिक 1,473 मरीजों की जांच की, जबकि हड्डी रोग विशेषज्ञों ने 1,405 मरीजों को परामर्श दिया। चर्म रोग के 943, नाक-कान-गला के 743 और नेत्र रोग के 644 मरीजों की जांच की गई। आयुर्वेद विशेषज्ञों ने 631 और सामान्य सर्जरी विशेषज्ञों ने 467 मरीजों को देखा। इसके अलावा शिशु रोग विशेषज्ञों ने 405 बच्चों, स्त्री रोग विशेषज्ञों ने 289 महिलाओं, मानसिक रोग विशेषज्ञों ने 168 और कैंसर विशेषज्ञों ने 91 लोगों की जांच की। शिविर में 1,401 लोगों का रक्तचाप और 695 लोगों का शुगर स्तर बढ़ा हुआ मिला। संबंधित मरीजों को आवश्यक परामर्श और उपचार दिया गया।
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने जिले की प्रगति और प्रशासन की ओर से किए जा रहे नवाचारों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण आजीविका के क्षेत्र में योजनाबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों तक सुविधाएं पहुंच सकें। कुपोषण दूर करने के लिए शुरू किए गए ‘बालभोग’ नवाचार के बारे में उन्होंने बताया कि इसमें स्व-सहायता समूहों की महिलाएं रागी, सत्तू और श्रीअन्न से पौष्टिक लड्डू तैयार करती हैं। पोषण सखियां घर-घर जाकर कुपोषित बच्चों को अपने सामने लड्डू खिलाती हैं और उनकी प्रगति का नियमित रिकॉर्ड रखती हैं।
सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, ग्रामीण आजीविका और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं का लाभ दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंच रहा है। वहीं प्रतापपुर विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते ने महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख किया।
कार्यक्रम में पूर्व गृहमंत्री एवं वन विकास निगम के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरामुनि निकुंज, जनपद पंचायत वाड्रफनगर अध्यक्ष शशि सिंह पोर्ते सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। संभागायुक्त नरेंद्र कुमार दुग्गा, आईजी दीपक कुमार झा, पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर, वनमंडलाधिकारी आलोक वाजपेयी, जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण कार्यक्रम में शामिल हुए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

