कृषि महाविद्यालय में देशभक्ति के साथ मनाया गया कारगिल विजय दिवस

WhatsApp Channel Join Now
कृषि महाविद्यालय में देशभक्ति के साथ मनाया गया कारगिल विजय दिवस


जगदलपुर, 26 जुलाई (हि.स.)। बस्तर जिले के कुम्हरावंड स्थित शहीद गुण्डाधुर कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र में आज रविवार काे राष्ट्रीय कैडेट कोर एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में कारगिल विजय दिवस पूरी श्रद्धा, उत्साह और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया।

इस विशेष कार्यक्रम का आयोजन अधिष्ठाता डॉ आरएस नेताम एवं कमान्डिंग अधिकारी कर्नल अरुण काण्डपाल के निर्देशन में तथा डॉ आरआर कंवर, डॉ सोनाली कर (कार्यक्रम अधिकारी राष्ट्रीय सेवा योजना) और एमबी तिवारी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के शुरुआत में विद्यार्थियों ने मोमबत्ती जलाकर एवं पुष्प अर्पित कर अमर शहीदों को नमन किया। वहीं राष्ट्रीय कैडेट कोर के कैडेट्स ने सलामी देकर देश के वीर जवानों को अपनी भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके पश्चात 1999 के कारगिल युद्ध और 'ऑपरेशन विजय' में भारतीय सेना के अदम्य साहस व संघर्ष को दर्शाती एक विशेष डॉक्यूमेंट्री फिल्म प्रदर्शित की गई। डॉक्यूमेंट्री के तुरंत बाद राष्ट्रीय सेवा योजना और राष्ट्रीय कैडेट कोर के विद्यार्थियों के लिए एक ओजस्वी भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए अपने देशभक्ति पूर्ण विचार रखे।

इस प्रतियोगिता में डॉ पीएस नेताम, डॉ सुरेश साहू, डॉ शंकरलाल वर्मा एवं डॉ गुंजा ठाकुर ने निर्णायक मंडल की भूमिका निभाई। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कु. आद्याशा पाती ने प्रथम, पारस प्रकाश ने द्वितीय तथा सुषमा पाण्डेय ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ एके ठाकुर (सह संचालक अनुसंधान) एवं अध्यक्ष डॉ. एनसी मंडावी (प्रधान वैज्ञानिक) रहे। इस दौरान डॉ मंडावी ने कारगिल युद्ध से जुड़े अपने संस्मरण विद्यार्थियों के साथ साझा किए। साथ ही हवलदार सेठिया नूंदा ने भी सेना के अनुशासन, सीमा सुरक्षा और वीरों के बलिदान की गाथाएं सुनाकर छात्रों में देशभक्ति की अलख जगाई।

इस आयोजन में डॉ चेतना खांडेकर और रिचा धुरंधर की भी विशेष एवं सक्रिय भूमिका रही, जबकि मंच संचालन का दायित्व कु. आद्याशा पाती और वैशाली वर्मा ने निभाया। अंत में भाषण प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया और तत्पश्चात राष्ट्रीय कैडेट कोर के कैडेट दीपराज साहू द्वारा दिए गए धन्यवाद ज्ञापन एवं सामूहिक राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का गरिमामय समापन हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story