सीआरपीएफ 196वीं वाहिनी के सभी कंपनियों में नवमी पर कन्या पूजन एवं भंडारे का किया आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
सीआरपीएफ 196वीं वाहिनी के सभी कंपनियों में नवमी पर कन्या पूजन एवं भंडारे का किया आयोजन


बीजापुर, 19 अक्टूबर (हि.स.)। जिलं में तैनात 196वीं वाहिनी, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल द्वारा कुमार मनीष, कमांडेंट के मार्गदर्शन एवं अध्यक्षता में नवरात्रि के पावन अवसर पर आज साेमवार काे नवमी के दिन महादेव घाटी में मां दुर्गा की पूजा-अर्चना, हवन, कन्या पूजन एवं भंडारे का आयोजन श्रद्धापूर्वक किया गया।

इसके साथ ही 196वीं वाहिनी के मुख्यालय एवं सभी कंपनियों में नवरात्रि की नवमी का पर्व धार्मिक आस्था, उत्साह एवं श्रद्धा के साथ मनाया गया। इन आयोजनों का उद्देश्य धार्मिक परंपराओं के प्रति सम्मान, आपसी सौहार्द तथा समाज के प्रति सेवा और समर्पण की भावना को सुदृढ़ करना रहा।

इस अवसर पर दिनेश, द्वितीय कमान अधिकारी, कुणाल किशोर, उप कमांडेंट, तरुण कुमार मीणा, सहायक कमांडेंट, डॉ. शुभम नितिन पवार, चिकित्साधिकारी, अन्य अधीनस्थ अधिकारी एवं जवानों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान आमंत्रित बालगृह बालिका संस्थान, बीजापुर की बालिकाओं का विधिवत कन्या पूजन किया गया तथा उन्हें उपहार भेंट किए गए। इस आयोजन के माध्यम से नारी शक्ति के प्रति सम्मान, श्रद्धा एवं सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया गया।

इसके अतिरिक्त, बटालियन मुख्यालय सहित सभी कंपनियों में भी नवरात्रि की नवमी के अवसर पर धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन श्रद्धापूर्वक किया गया। इस क्रम में ए/196 नाम्बी में हरीश कुमार के नेतृत्व में, ई/196 पुजारी कांकेर में सहायक कमांडेंट प्रेम प्रकाश के नेतृत्व में, बी/196 ताड़पाला घाटी में निरीक्षक विनोद कुमार सिंह के नेतृत्व में, एफ/196 ताड़पाला में उप कमांडेंट गुलशन तिर्की के नेतृत्व एवं सहायक कमांडेंट विनोद कुमार की उपस्थिति में, सी/196 दिल्ली में सहायक कमांडेंट लोकेश यादव के नेतृत्व में, डी/196 दिल्ली में निरीक्षक रजनीकांत रावत के नेतृत्व में तथा जी/196 लेह (जम्मू-कश्मीर) में सहायक कमांडेंट अनिल कुमार के नेतृत्व में कार्यक्रम आयोजित किए गए।

सीआरपीएफ 196वीं वाहिनी के कमांडेंट कुमार मनीष ने नवरात्रि पर्व के धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व पर कहा कि यह पावन पर्व हमें सत्य, धर्म, सदाचार एवं सकारात्मक विचारों के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। कन्या पूजन के माध्यम से हम नारी शक्ति के प्रति अपनी श्रद्धा एवं सम्मान प्रकट करते हैं तथा समाज में बेटियों के महत्व को स्वीकार करते हैं। अंत में उन्होंने सभी को नवरात्रि एवं विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए मां दुर्गा से सभी के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य तथा राष्ट्र की उन्नति एवं शांति की कामना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763700 Articles

Share this story