कांकेर सांसद भोजराज नाग हुए शामिल कांवड़ यात्रा में, किया जलाभिषेक
कांकेर, 23 अगस्त (हि.स.)। भगवान शिव को प्रिय पवित्र महीना सावन के महीने में आज रविवार काे सरंगपाल त्रिवेणी संगम महानदी से पवित्र जल लेकर श्रद्धालु बोल बम के जयकारों के साथ करीब 7 किलोमीटर की कांवड़ यात्रा पर निकले। इस कांवड़ यात्रा में कांकेर के सांसद भोजराज नाग भी शामिल हुए। शहर के ऊपर-नीचे मार्ग स्थित नंदीश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का विधि-विधान से जलाभिषेक किया गया। कांकेर सांसद भोजराज नाग ने मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि व शांति की कामना की।
नंदीश्वर महादेव मंदिर समिति के अध्यक्ष अरुण कौशिक ने बताया कि नंदीश्वर महादेव मंदिर अपनी अनोखी धार्मिक संरचना के लिए विशेष पहचान रखता है, आमतौर पर शिव मंदिरों में नंदी भगवान शिवलिंग के सामने विराजमान होते हैं, लेकिन कांकेर के इस प्राचीन शिव मंदिर में नंदी भगवान शिवलिंग के ऊपर विराजमान हैं। देश में इस तरह की अनोखी संरचना वाले मंदिर केवल दो स्थानों पर हैं, जिनमें एक आंध्र प्रदेश में और दूसरा कांकेर के ऊपर-नीचे मार्ग स्थित नंदीश्वर महादेव मंदिर में देखने काे मिलता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

