कांकेर के कन्या आवासीय विद्यालय में 12वीं की छात्रा की मौत, जांच में जुटी पुलिस
आवासीय विद्यालय में कक्षा 12वीं की छात्रा ने आत्महत्या कर ली
कांकेर, 27 अक्टूबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के दुर्गूकोंदल थाना क्षेत्र अंतर्गत नेताजी सुभाषचंद्र बोस कन्या आवासीय विद्यालय में कक्षा 12वीं की एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मंगलवार दोपहर छात्रा का शव विद्यालय स्थित कमरे में मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
जानकारी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मंगलवार दोपहर के बाद छात्रा कक्षा में नहीं गई और अपने कमरे में ही रुकी रही। जब अन्य छात्राएं अपने कमरे में लौटीं, तो कमरे का दरवाजा बंद मिला। इसकी सूचना छात्रावास अधीक्षक को दी गई। दरवाजा खोलने पर छात्रा का शव कमरे में सीलिंग फैन से दुपट्टे के सहारे लटका हुआ मिला।
घटना की जानकारी मिलने पर भानुप्रतापपुर के एसडीएम अनिकेत फडतरे सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी विद्यालय पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक भौतिक साक्ष्य जुटाए। आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भानुप्रतापपुर लाया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
बताया जा रहा है कि छात्रा पढ़ाई में अच्छी थी और लंबे समय से छात्रावास में रहकर अध्ययन कर रही थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, 23 अक्टूबर को तबीयत खराब होने पर उसके पिता उसे घर ले गए थे। इसके बाद छात्रा के मामा उसे वापस विद्यालय छोड़ने पहुंचे थे।
कांकेर एसडीओपी शेर बहादुर ने बताया कि मंगलवार दोपहर करीब दो बजे छात्रा की मौत की जानकारी मिली। छात्रा की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे क्या कारण रहे, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की विवेचना कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और पुलिस विवेचना के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

