बारिश से उफान पर कन्हर नदी, एनीकट के ऊपर से बह रहा पानी
24 घंटे से लगातार बारिश के बाद जिले के नदी-नालों का बढ़ा जलस्तर, कन्हर में फिर लौटा उफान
बलरामपुर, 14 अगस्त (हि.स.)। बलरामपुर जिले में पिछले 24 घंटे से लगातार हो रही बारिश के कारण विभिन्न नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है। कई नदी-नाले उफान पर हैं। जिले की प्रमुख कन्हर नदी में भी एक बार फिर पानी लबालब हो गया है। जलस्तर बढ़ने के कारण नदी पर बने एनीकट के ऊपर से पानी बह रहा है।
कन्हर नदी का उद्गम जशपुर जिले के पहाड़ी क्षेत्र से होता है। पिछले कुछ समय से क्षेत्र में बारिश का दौर जारी है। खासकर पहाड़ी इलाकों में अच्छी बारिश होने के कारण इसका असर कन्हर नदी के जलस्तर पर दिखाई दे रहा है। पहाड़ी क्षेत्रों से पानी आने के बाद नदी का प्रवाह तेज हो गया है और नदी उफान पर पहुंच गई है।
रामानुजगंज क्षेत्र में कन्हर नदी का जलस्तर बढ़ने से एनीकट के ऊपर से पानी बह रहा है। नदी में पानी बढ़ने का नजारा देखने के लिए लोगों की भीड़ भी पहुंच रही है। हालांकि तेज बहाव को देखते हुए लोगों को नदी और एनीकट के आसपास जाने से सावधानी बरतने की जरूरत है।
लगातार बारिश के कारण जिले के अन्य नदी-नालों में भी पानी बढ़ रहा है। बारिश का सिलसिला इसी तरह जारी रहा तो आने वाले समय में जलस्तर और बढ़ने की संभावना है। प्रशासन और स्थानीय लोगों की ओर से नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर पर नजर रखी जा रही है।
कन्हर नदी बलरामपुर जिले के लिए महत्वपूर्ण नदी है और इसका जलस्तर बढ़ना क्षेत्र में बारिश की स्थिति का भी संकेत देता है। नदी में पानी बढ़ने से जहां आसपास के क्षेत्रों में जलस्रोतों को फायदा मिलता है, वहीं तेज बहाव के दौरान नदी और एनीकट के आसपास सावधानी बरतना जरूरी हो जाता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

