रामानुजगंज : एनीकट पार करते समय तेज बहाव में बहा युवक, 500 मीटर तक दिखा बहता, तलाश जारी

WhatsApp Channel Join Now
रामानुजगंज : एनीकट पार करते समय तेज बहाव में बहा युवक, 500 मीटर तक दिखा बहता, तलाश जारी


बलरामपुर, 23 अगस्त (हि.स.)। कन्हर नदी में बढ़े जलस्तर के बीच रविवार सुबह एक युवक एनीकट पार करने की कोशिश में तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। घटना सुबह करीब 9 बजे की बताई जा रही है। युवक झारखंड के गोदरमाना से छत्तीसगढ़ की ओर आ रहा था। हादसे के बाद उसकी तलाश के लिए बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, एनीकट के ऊपर से पानी बह रहा था। इसके बावजूद युवक एनीकट पार करने लगा। बीच रास्ते में पहुंचते ही वह तेज बहाव के बीच फंस गया। पानी की धार इतनी तेज थी कि युवक न तो आगे बढ़ पा रहा था और न ही सुरक्षित वापस लौट पा रहा था।

युवक को एनीकट के बीच फंसा देखकर मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। बताया जा रहा है कि काफी देर तक युवक पानी के बीच फंसा रहा। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह फिसलकर तेज बहाव में बह गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक करीब 500 मीटर तक पानी में बहता हुआ दिखाई दिया, इसके बाद वह नदी के तेज बहाव में डूब गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू कराई गई। पुलिस उसकी पहचान सहित घटना से जुड़ी अन्य जानकारी जुटा रही है। नदी में पानी का बहाव तेज होने के कारण तलाश अभियान में भी चुनौती सामने आ रही है।

लगातार बारिश के चलते क्षेत्र की नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ा हुआ है। ऐसे में प्रशासन और पुलिस द्वारा लोगों से उफनते नदी-नालों तथा पानी के ऊपर से बह रहे एनीकट को पार नहीं करने की अपील की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story