कन्हर बैरियर पर रात में पकड़ा गया साल की लकड़ी से भरा ट्रक, दस्तावेजों में गड़बड़ी मिलने पर कार्रवाई

WhatsApp Channel Join Now
कन्हर बैरियर पर रात में पकड़ा गया साल की लकड़ी से भरा ट्रक, दस्तावेजों में गड़बड़ी मिलने पर कार्रवाई


कन्हर बैरियर पर रात में पकड़ा गया साल की लकड़ी से भरा ट्रक, दस्तावेजों में गड़बड़ी मिलने पर कार्रवाई


बलरामपुर, 08 अक्टूबर (हि.स.)। बलरामपुर जिले में वन विभाग की टीम ने अंतरराज्यीय कन्हर बैरियर पर रात के समय जांच के दौरान साल की लकड़ी से भरे ट्रक को पकड़ा है। ट्रक में 19 साल के लट्ठे लोड थे। लकड़ी के परिवहन से संबंधित दस्तावेजों की जांच और ऑनलाइन रिकॉर्ड से मिलान के दौरान अंतर पाए जाने पर विभाग ने ट्रक और उसमें लदी लकड़ी को जब्त कर लिया। वन विभाग के अनुसार, जब्त लकड़ी और ट्रक की कुल कीमत करीब 13 लाख रुपये है।

वन विभाग से गुरुवार काे जानकारी के अनुसार, रामानुजगंज वन परिक्षेत्र की टीम 7 अक्टूबर की रात अंतरराज्यीय कन्हर बैरियर पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान रात करीब 1 बजे ट्रक क्रमांक सीजी 15 डीजी/1682 को रोककर उसकी जांच की गई। वाहन में साल की लकड़ी लदी हुई थी। टीम ने चालक से लकड़ी के परिवहन से संबंधित परिवहन अनुज्ञा पत्र (टीपी) मांगा।

वन विभाग ने मौके पर प्रस्तुत किए गए टीपी की जांच करने के साथ ऑनलाइन एनटीपीएस रिकॉर्ड में भी उसका मिलान किया। जांच के दौरान दोनों रिकॉर्ड अलग-अलग पाए गए। दस्तावेजों में अंतर मिलने के बाद वन विभाग ने ट्रक को लकड़ी समेत जब्त कर लिया और मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।

रामानुजगंज वन परिक्षेत्राधिकारी डॉ. दिलरुबा बानो ने बताया कि जब्त लकड़ी की कीमत करीब 3 लाख रुपये और ट्रक की कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है। दोनों को मिलाकर जब्त संपत्ति का अनुमानित मूल्य करीब 13 लाख रुपये है। उन्होंने बताया कि मामले में परिवहन से जुड़े दस्तावेजों की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

वन विभाग के अनुसार ट्रक चालक की पहचान सलीम अंसारी निवासी भागलपुर, बिहार के रूप में हुई है। मामले में भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 33 (1) ड़ एवं धारा 52, छत्तीसगढ़ वन उपज एवं व्यापार (विनियमन) अधिनियम 1969 की धारा 5 (1) तथा छत्तीसगढ़ वनोपज अभिवहन नियम 2001 की धारा 41 नियम (3) के तहत कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई वनमंडलाधिकारी आलोक कुमार बाजपेयी के निर्देशन, उपवनमंडलाधिकारी अनिल कुमार सिंह पैकरा के मार्गदर्शन और वन परिक्षेत्राधिकारी डॉ. दिलरुबा बानो के नेतृत्व में की गई। मौके पर वनपाल दयाशंकर सिंह, वनरक्षक राजनाथ सिंह और वनरक्षक पिन्टू कुमार मालाकार भी मौजूद रहे।

वन विभाग ने जब्त ट्रक और लकड़ी को अपने कब्जे में ले लिया है। मामले में दस्तावेजों की जांच सहित अन्य आवश्यक कार्रवाई जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story