अम्बिकापुर : ऐतिहासिक रामगढ़ पहाड़ी पर पहुंचा 'कबरा कान', 17 हाथियों के दल ने पार्वती गुफा के पास जमाया डेरा

WhatsApp Channel Join Now
अम्बिकापुर : ऐतिहासिक रामगढ़ पहाड़ी पर पहुंचा 'कबरा कान', 17 हाथियों के दल ने पार्वती गुफा के पास जमाया डेरा


अम्बिकापुर, 15 नवंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग के जिलों में पिछले कई महीनों से वन विभाग और आसपास के ग्रामीणों के लिए बड़ी चुनौती बना 'कबरा कान' हाथी अब 17 हाथियों के एक बड़े दल के साथ सरगुजा के ऐतिहासिक रामगढ़ पहाड़ी पर पहुंच गया है। यह दल फिलहाल पहाड़ी स्थित पार्वती गुफा के समीप घने जंगल में विचरण कर रहा है, जिससे पूरे क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है।

वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, हाथियों का यह दल बीती रात कुशवामुड़ा जंगल से निकलकर सुखरीभंडार, आमा डुग्गू और बेलढाब के रास्ते होते हुए रविवार सुबह बोंगरू पहुंचा था। वहां से वापसी करते हुए दल ने रामगढ़ के बड़ा तुर्रा के निचले हिस्से के जंगल में अपना ठिकाना बना लिया है। हाथियों के इस मूवमेंट पर पैनी नजर रखने के लिए वन विभाग के पैदल ट्रैकर्स की दो विशेष टीमें लगातार दल के पीछे-पीछे चल रही हैं और हर गतिविधि की सूचना मुख्यालय को दे रही हैं।

दूसरी ओर, 'कबरा कान' हाथी को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू करने की कवायद भी तेज कर दी गई है। हाथी को ट्रेंकुलाइज करने वाली विशेषज्ञ टीम स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से उसकी सटीक लोकेशन ट्रेस करने और आगे की आवश्यक कार्रवाई के लिए मौके पर रवाना हो चुकी है।

वन विभाग ने हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए ग्रामीणों से विशेष अपील की है कि वे किसी भी स्थिति में हाथियों के नजदीक न जाएं, उन्हें घेरने की कोशिश न करें और फोटो या वीडियो बनाने का जोखिम न उठाएं। प्रशासन ने सभी से अपनी सुरक्षा के लिए विभाग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने को कहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777441 Articles

Share this story