कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता विश्वविद्यालय में प्रदर्शनी व फोटोग्राफी-वीडियोग्राफी कार्यशाला आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता विश्वविद्यालय में प्रदर्शनी व फोटोग्राफी-वीडियोग्राफी कार्यशाला आयोजित


कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता विश्वविद्यालय में प्रदर्शनी व फोटोग्राफी-वीडियोग्राफी कार्यशाला आयोजित


कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता विश्वविद्यालय में प्रदर्शनी व फोटोग्राफी-वीडियोग्राफी कार्यशाला आयोजित


कार्यशालाओं से युवाओं में होता है क्षमता विकास : प्रो. मनोज दयाल

रायपुर, 18 नवंबर (हि. स.)। राष्ट्रीय प्रेस दिवस के उपलक्ष्य में कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय के जनसंचार विभाग एवं काजल फिल्म्स एंड रेंटल सर्विस के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को प्रदर्शनी एवं फोटोग्राफी-वीडियोग्राफी कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यशाला के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) मनोज दयाल ने कहा कि, कार्यशालाओं के माध्यम से युवाओं की क्षमता और कौशल का विकास होता है।

उन्होंने कहा कि, समय के साथ समाचार पत्रों सहित पूरी मीडिया इंडस्ट्री में व्यापक बदलाव आया है। वर्तमान दौर में अखबारों को भी कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कार्टून की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एक कार्टून बहुत कम समय में बड़ी और गहरी बात प्रभावी ढंग से व्यक्त कर सकता है। बड़े-बड़े लेख जिस संदेश को व्यक्त करने में समय लेते हैं, वही बात एक छोटा-सा कार्टून सहजता से कह देता है। कार्टून हमारे जीवन से कितनी गहराई से जुड़े हैं, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि घरों में बच्चे दीवारों पर कार्टून बनाकर अपनी मौलिकता और रचनात्मकता अभिव्यक्त करते हैं।

कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित वरिष्ठ कार्टूनिस्ट सागर बिसेन ने कहा कि, जो विद्यार्थी पूरी इच्छाशक्ति और लगन के साथ किसी करियर को अपनाते हैं, उन्हें अपने लक्ष्य तक पहुंचने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने कहा कि तकनीक के कारण आज दुनिया बहुत छोटी हो गई है। युवाओं को अपने अवसरों का दायरा बढ़ाते हुए दुनिया भर में संभावनाएं तलाशनी चाहिए। अमेरिका जैसे देशों में कार्टून और ग्राफिक्स के क्षेत्र में ज्ञान का बड़ा भंडार विकसित किया गया है। उन्होंने विद्यार्थियों से कला को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर काजल फिल्म्स एंड रेंटल सर्विस के अनूप चंद्राकर ने कहा कि, व्यावहारिक प्रशिक्षण के माध्यम से युवाओं को फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी की बारीकियों से अवगत कराया जाएगा।

जनसंचार विभाग के विभागाध्यक्ष राजेंद्र मोहंती ने स्वागत भाषण देते हुए कहा कि, यह कार्यशाला विद्यार्थियों के कौशल विकास के उद्देश्य से आयोजित की गई है। उन्होंने बताया कि कार्यशाला में विभिन्न तकनीकी क्षमताओं और विशेषताओं वाले कैमरों की प्रदर्शनी भी लगाई गई है, जो विद्यार्थियों के लिए एक नया और उपयोगी अनुभव साबित होगी।

कार्यक्रम में डॉ. शैलेन्द्र खंडेलवाल, पंकज नयन पांडे, डॉ. नृपेन्द्र शर्मा, डॉ. आशुतोष मंडावी, सभी अतिथि व्याख्याता एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. चैताली पांडे ने किया तथा आभार प्रदर्शन जनसंचार विभाग के प्राध्यापक डॉ. कपिल देव प्रजापति ने किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779426 Articles

Share this story