नौकरी के नाम पर 3.55 लाख की ठगी, एक आरोपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
नौकरी के नाम पर 3.55 लाख की ठगी, एक आरोपित गिरफ्तार


सूरजपुर, 21 सितंबर (हि.स.)। एसईसीएल में नौकरी लगाने के नाम पर 3 लाख 55 हजार रुपये की ठगी करने के मामले में चौकी खड़गवां पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित पर फर्जी एसईसीएल अधिकारी बनकर नौकरी लगाने का झांसा देने और फर्जी नियुक्ति पत्र देकर ठगी करने का आरोप है।

पुलिस ने साेमवार काे विज्ञप्ति जारी कर बताया कि, ग्राम खड़गवां माझापारा निवासी ललित राम ने चौकी खड़गवां में शिकायत दर्ज कराई थी कि निलेश पाल और उसके दो अन्य साथियों ने खुद को एसईसीएल का अधिकारी बताकर एसईसीएल में नौकरी लगाने के नाम पर उससे 3 लाख 55 हजार रुपये लिए। इसके बाद उसे फर्जी नियुक्ति पत्र देकर धोखाधड़ी की गई।

शिकायत के आधार पर चौकी खड़गवां पुलिस ने अपराध क्रमांक 281/2026 के तहत धारा 318(4), 338 एवं 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल ने आरोपितों की पतासाजी कर जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। विवेचना के दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना और तकनीकी संसाधनों की मदद से दबिश देकर निलेश पाल (38), निवासी सरभोका, चौकी घाट के नीचे नागपुर, थाना पोड़ी, जिला एमसीबी को रविवार को पकड़ा।

पूछताछ में आरोपित ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर प्रार्थी से फोन-पे और नगद रकम लेकर ठगी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपित को आज सोमवार को गिरफ्तार कर मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी खड़गवां मनोज सिंह और उनकी टीम की सक्रिय भूमिका रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story