जगदलपुर में 18 नवंबर को लगेगा रोजगार मेला, 96 पदों पर होगी सीधी भर्ती

WhatsApp Channel Join Now
जगदलपुर में 18 नवंबर को लगेगा रोजगार मेला, 96 पदों पर होगी सीधी भर्ती


18 नवंबर को लगेगा रोजगार मेला, 96 पदों पर होगी सीधी भर्ती

जगदलपुर, 16 नवंबर (हि.स.)। बस्तर जिले के युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के बेहतर अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, जगदलपुर द्वारा एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह मेला बुधवार 18 नवंबर को सुबह 10ः30 बजे से शाम 04 बजे तक आड़ावाल स्थित जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय के पास जगदलपुर में आयोजित होगा।

इस रोजगार मेले में निजी क्षेत्र के चार प्रमुख नियोजक संस्थानों के माध्यम से लगभग 96 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया जाएगा। मेले में सिक्युरिटी गार्ड, इलेक्ट्रिक मीटर टेक्निशियन, एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिसर, सेल्स एग्जीक्यूटिव, क्वालिटी कंट्रोल इंजीनियर, केमिस्ट, क्लीनर, ड्राइवर, हाउसकीपर, कंप्यूटर ऑपरेटर और सेल्स मैनेजर जैसे विभिन्न पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं। इन पदों के लिए अनपढ़ (0) से लेकर 10वीं, 12वीं, स्नातक तथा कृषि स्नातक योग्यताधारी आवेदक पात्र होंगे, जिन्हें योग्यतानुसार 12 हजार रुपये से लेकर 40 हजार रुपये प्रतिमाह तक का आकर्षक वेतनमान दिया जाएगा।

मेले में शामिल होने के इच्छुक आवेदकों को विभाग के आधिकारिक पोर्टल https://erojgar.cg.gov.in/LandingSite/RojgarMelaList.aspx पर जाकर रोजगार मेला में आवेदन करने हेतु रोजगार इच्छुक लॉगइन करें विकल्प के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे 18 नवंबर को अपने समस्त शैक्षणिक दस्तावेजों की मूल प्रति एवं छायाप्रति, आधार कार्ड, रोजगार पंजीयन कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो और मोबाइल नंबर के साथ निर्धारित समय पर जिला रोजगार कार्यालय जगदलपुर में उपस्थित होकर इस रोजगार अवसर का लाभ उठाएं।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778227 Articles

Share this story