जांजगीर-चांपा में 13 अगस्त को रोजगार मेला, 459 पदों पर होगी भर्ती

WhatsApp Channel Join Now
जांजगीर-चांपा में 13 अगस्त को रोजगार मेला, 459 पदों पर होगी भर्ती


जांजगीर-चांपा, 7 अगस्त (हि. स.)। जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार का सुनहरा अवसर सामने आया है। जिला रोजगार कार्यालय जांजगीर-चांपा की ओर से 13 अगस्त (गुरुवार) को आईटीआई कुलीपोटा परिसर में रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह प्लेसमेंट कैंप सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगा, जिसमें निजी क्षेत्र की चार प्रतिष्ठित कंपनियां विभिन्न पदों पर भर्ती करेंगी।

जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि रोजगार मेले का उद्देश्य जिले के शिक्षित एवं तकनीकी रूप से प्रशिक्षित युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराना है। इस रोजगार मेले में कुल 459 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। चयन प्रक्रिया पूरी तरह नियोजक कंपनियों द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार होगी।

रोजगार मेले में श्रमइन टैलेंट प्राइवेट लिमिटेड, नोएडा, श्रीराम फाइनेंस कॉर्पोरेशन लिमिटेड, जांजगीर, स्वतंत्र माइक्रो फाइनेंस तथा कॉग्निजेंस मैनेजमेंट सर्विस, सूरत (गुजरात) भाग लेंगी।

भर्ती के लिए टेक्नीशियन के 100 पद, फील्ड ऑफिसर के 30 पद, कलेक्शन ऑफिसर के 15 पद, टू-व्हीलर सेल्स फाइनेंसर के 10 पद, पर्सनल लोन ऑफिसर के 10 पद, बिजनेस लोन ऑफिसर के 10 पद, जनरल फाइनेंस ऑफिसर के 10 पद, फोरमैन के 7 पद, स्टील फिटर के 50 पद, कारपेंटर के 50 पद, मेसन के 7 पद, कुक के 10 पद तथा हेल्पर के 150 पदों पर भर्ती की जाएगी।

इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता पदानुसार 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा एवं अन्य निर्धारित योग्यताएं रखी गई हैं। चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति जांजगीर-चांपा, बलौदा, अकलतरा, सक्ती, पामगढ़, डभरा सहित छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों में की जाएगी। वहीं कॉग्निजेंस मैनेजमेंट सर्विस द्वारा चयनित उम्मीदवारों का कार्यक्षेत्र सूरत (गुजरात) रहेगा।

नियोजक कंपनियों द्वारा चयनित अभ्यर्थियों को 10,000 रुपये से लेकर 23,830 रुपये प्रतिमाह तक वेतन दिया जाएगा। वेतन पद और कंपनी के अनुसार अलग-अलग होगा।

जिला रोजगार कार्यालय ने रोजगार मेले में शामिल होने वाले सभी इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अपने सभी शैक्षणिक प्रमाण पत्रों की मूल एवं छायाप्रति, जिला रोजगार कार्यालय का रोजगार पंजीयन कार्ड तथा आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित तिथि और समय पर आईटीआई कुलीपोटा पहुंचकर प्लेसमेंट कैंप का लाभ उठाएं। अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय, जांजगीर-चांपा से संपर्क किया जा सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story