मूकबधिर दिव्यांगजनों के लिए रोजगार मेले का आयोजन 17 जुलाई को
रायपुर, 15 जुलाई (हि.स.)। विशेष रोजगार कार्यालय द्वारा दिव्यांगजनों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 17 जुलाई 2026 को विशेष रोजगार कार्यालय, पुराना पुलिस मुख्यालय परिसर, लोकभवन के बाजू सिविल लाइन में रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह रोजगार मेला प्रातः 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित होगा, जिसमें पुरूष मूकबधिर दिव्यांगजनों (जो बोल एवं सुन नहीं सकते) को रोजगार दिया जाएगा।
उप संचालक डॉ. शशीकला अतुलकर ने बताया कि, रोजगार मेले में इनोवेटिव रीटेल कॉन्सेप्ट्स प्रा.लि. एवं इन्स्टाकार्ट सर्विस प्रा.लि. कंपनी शामिल होंगी। इनोवेटिव रीटेल कॉन्सेप्ट्स प्रा.लि. द्वारा पिकर पैकर के 04 पदों पर भर्ती की जाएगी, जिसके लिए शैक्षणिक योग्यता 12वीं उत्तीर्ण, उम्र 18 से 35 वर्ष तथा वेतनमान 10 से 15 हजार है।
साथ ही इन्स्टाकार्ट सर्विस प्रा.लि. द्वारा सीनियर असिस्टेंट के 15 पद व वेयर हाउस हेल्पर के 15 पदों पर भर्ती की जाएगी, जिसके लिए शैक्षणिक योग्यता 10वीं उत्तीर्ण, उम्र 18 से 30 वर्ष तथा वेतनमान 10 से 12 हजार निर्धारित है।
इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित समय पर अपने समस्त शैक्षणिक योग्यता के दस्तावेज, रोजगार पंजीयन कार्ड, आधार कार्ड, बायोडाटा की छायाप्रति तथा पासपोर्ट आकार के फोटो के साथ रोजगार मेले में उपस्थित हो सकते हैं। रोजगार मेले में शामिल होने के लिए आवेदकों को छत्तीसगढ़ रोजगार पोर्टल http://erojgar.cg.gov.in या छत्तीसगढ़ रोजगार एप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य है। ऑनलाइन आवेदन के लिए आवेदक का रोजगार पंजीयन नंबर होना जरूरी होता है, ऐसे आवेदक जिनका रोजगार पंजीयन नहीं हुआ है वे छत्तीसगढ़ रोजगार एप के माध्यम से रोजगार पंजीयन कर सकते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

