बलरामपुर : रोजगार मेले में शामिल होने निजी संस्थानों से अपील

WhatsApp Channel Join Now

बलरामपुर, 08 अगस्त (हि.स.)। बलरामपुर जिले के शिक्षित और कुशल युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र की ओर से नियमित रूप से रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है। आज शनिवार को जिला रोजगार विभाग ने जिले के निजी संस्थानों और कंपनियों से आगामी रोजगार मेलों में सक्रिय सहभागिता करने की अपील की।

जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि जिन निजी संस्थानों, कंपनियों, औद्योगिक इकाइयों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, शोरूम, निजी चिकित्सालयों, शैक्षणिक संस्थानों और बड़े रिटेल प्रतिष्ठानों में कर्मचारियों की आवश्यकता है, वे रोजगार मेले में शामिल होकर अपनी जरूरत के अनुसार योग्य अभ्यर्थियों का चयन कर सकते हैं।

रोजगार मेले में स्टॉल उपलब्ध कराने, अभ्यर्थियों का विवरण उपलब्ध कराने और चयन प्रक्रिया आयोजित करने के लिए विभाग की ओर से किसी तरह का शुल्क नहीं लिया जाता है। यह पूरी सुविधा निःशुल्क है।

इच्छुक नियोजक किसी भी कार्यदिवस में जिला रोजगार कार्यालय, बलरामपुर में उपस्थित होकर अपनी रिक्तियों की जानकारी दे सकते हैं। इसके अलावा विभागीय ई-मेल employmentbalrampur@gmail.com या मोबाइल नंबर 9685672368 पर भी जानकारी भेजी जा सकती है।

रिक्तियों की जानकारी में पदनाम, आवश्यक शैक्षणिक योग्यता, वेतनमान और रिक्त पदों की संख्या का उल्लेख करना होगा।

जिला रोजगार अधिकारी ने निजी और औद्योगिक प्रतिष्ठानों से रोजगार मेले में सहभागी बनकर स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने तथा जिले में रोजगार सृजन के प्रयासों को मजबूत करने में सहयोग करने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story