झीरम घाटी हत्याकांड : पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने उठाएंगे प्रभावी कदम : कांग्रेस

WhatsApp Channel Join Now
झीरम घाटी हत्याकांड : पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने उठाएंगे प्रभावी कदम : कांग्रेस


झीरम घाटी हत्याकांड : पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने उठाएंगे प्रभावी कदम : कांग्रेस


रायपुर, 19 सितंबर (हि.स.)। झीरम घाटी हत्याकांड मामले को लेकर छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने आज शनिवार काे बैठक आयोजित कर तीन बड़े निर्णय लिए। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि इस मामले को लेकर कांग्रेस आलाकमान से समय लेकर वरिष्ठ नेताओं के साथ मुलाकात करेंगे। पीड़ित परिवारों के साथ दिल्ली में कांग्रेस बड़ी प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगी। इसके अलावा कांग्रेस एनआईए कोर्ट के फैसले के खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ेगी।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि इस फैसले से पीड़ित और शहीद परिवार संतुष्ट नहीं है। परिवार लंबे समय से न्याय की उम्मीद लगाए बैठे हैं, लेकिन फैसले के बाद भी उनके आंसू नहीं थमे। बैज ने बताया कि एनआईए कोर्ट के फैसले के बाद कांग्रेस ने पीड़ित परिवारों और शहीद परिवारों से चर्चा की। बैठक में फैसले को लेकर गंभीर मंथन किया गया। बस्तर और छत्तीसगढ़ की जनता भी इस फैसले से खुश नहीं है।

बैज ने कहा एनआईए कोर्ट के फैसले में नक्सल संगठन के निचले स्तर पर काम करने वाले और सूचना तंत्र के रूप में भूमिका निभाने वाले लोगों पर ही कार्रवाई हुई है। झीरम जैसे बड़े मामले में वास्तविक न्याय होना चाहिए, केवल कार्रवाई का दिखावा नहीं होनी चाहिए। कांग्रेस इस पूरे मामले को आगे भी गंभीरता से उठाएगी। पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए हर संभव कानूनी रास्ते पर विचार किया जाएगा।

बैज ने कहा कि कांग्रेस जल्द ही पार्टी के आलाकमान से समय लेकर मुलाकात करेगी और एनआईए कोर्ट के फैसले को लेकर विस्तार से चर्चा करेगी। इसके अलावा दिल्ली में एक बड़ी प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर इस मुद्दे को उठाने की भी तैयारी है।उन्होंने कहा कि सभी संबंधित लोगों से चर्चा के बाद वरिष्ठ वकीलों से कानूनी राय ली जाएगी। इसके बाद आगे की रणनीति तय की जाएगी, ताकि झीरम घाटी के पीड़ित और शहीद परिवारों को न्याय दिलाने के लिए प्रभावी कदम उठाया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

Share this story