जीवन दीप समिति की बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने का लिया गया निर्णय

WhatsApp Channel Join Now
जीवन दीप समिति की बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने का लिया गया निर्णय


सिविल अस्पताल बोराई में हुई जीवन दीप समिति की बैठक

धमतरी, 20 फ़रवरी (हि.स.)। विकासखंड नगरी अंतर्गत सिविल अस्पताल बोराई में जीवन दीप समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें अस्पताल की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में स्टाफ नर्स और फार्मासिस्ट की कमी पर चर्चा करते हुए आवश्यक पदों पर शीघ्र नियुक्ति की कार्यवाही करने का निर्णय लिया गया। मेडिकल ऑफिसर की कमी को देखते हुए अन्य अस्पतालों से क्रमवार प्रतिदिन एक मेडिकल ऑफिसर की सेवाएं उपलब्ध कराने तथा बीएमओ नगरी द्वारा प्रत्येक शुक्रवार दोपहर दो बजे से नियमित सेवाएं देने का निर्णय लिया गया। बैठक में जनसहभागिता भी देखने को मिली। कैलाश जैन ने 11,000 रुपये और दुलश्वर साहू ने 5,000 रुपये का सहयोग प्रदान किया। समिति ने इसे अस्पताल के सुदृढ़ संचालन की दिशा में सकारात्मक पहल बताया। बैठक में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) नगरी मनोज कुमार मरकाम, बीएमओ नगरी, जनपद सदस्य, सरपंच सहित अस्पताल स्टाफ उपस्थित रहा। समिति के निर्णयों से ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार की उम्मीद जताई गई।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story