जिले के 23 केंद्रों में 28 नवंबर को जवाहर नवोदय प्रवेश परीक्षा

WhatsApp Channel Join Now
जिले के 23 केंद्रों में 28 नवंबर को जवाहर नवोदय प्रवेश परीक्षा


धमतरी, 27 नवंबर (हि.स.)। जवाहर नवोदय विद्यालय कुरुद में कक्षा छठवीं की 80 सीटों पर प्रवेश के लिए चयन परीक्षा 28 नवंबर को आयोजित होगी। इसके लिए जिले में 23 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों में कुल 6304 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा सुबह 11:30 बजे से दोपहर डेढ़ बजे तक होगी।

जवाहर नवोदय विद्यालय के प्राचार्य मनोज विद्यार्थी ने बताया कि प्रवेश परीक्षा के लिए कुरुद विकासखंड में सात, धमतरी में छह, नगरी में छह और मगरलोड में चार केंद्र बनाए गए हैं। जिला शिक्षा अधिकारी के मार्गदर्शन में सभी केंद्राध्यक्षों और केंद्र स्तरीय पर्यवेक्षकों की बैठक आयोजित की जा चुकी है। इसमें परीक्षा संचालन से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया है कि परीक्षा के लिए आवेदन करने वाले सभी विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हों, यह सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सभी केंद्रों पर परीक्षा नियमानुसार और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784450 Articles

Share this story