जशपुर : खरकट्टा-कोडेकेला सड़क को मिली 6.30 करोड़ की मंजूरी

WhatsApp Channel Join Now
जशपुर : खरकट्टा-कोडेकेला सड़क को मिली 6.30 करोड़ की मंजूरी


जशपुर, 01 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर जशपुर जिले के ग्रामीण अंचलों में सड़क नेटवर्क को सुदृढ़ करने के लिए एक बड़ा निर्णय लिया गया है। राज्य शासन ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट के तहत बहुप्रतीक्षित खरकट्टा से कोडेकेला पहुंच मार्ग के निर्माण के लिए 6 करोड़ 30 लाख 81 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति जारी कर दी है।

इस योजना के तहत पुल और पुलियों के साथ 6.20 किलोमीटर लंबी पक्की सड़क तैयार की जाएगी, जिससे सुदूर इलाकों की मुख्य मार्गों से सीधी और बारहमासी कनेक्टिविटी सुनिश्चित होगी।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस परियोजना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अंतिम छोर पर बसे ग्रामीणों तक बुनियादी ढांचा और बेहतर सुविधाएं पहुंचाना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़कें केवल संपर्क का जरिया नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को गति देने वाली जीवनरेखा होती हैं।

इस मार्ग के बनने से विशेष रूप से बारिश के दिनों में जलभराव और कीचड़ के कारण होने वाली आवागमन की गंभीर समस्या पूरी तरह समाप्त हो जाएगी। साथ ही किसानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को समय पर प्राप्त करने में बड़ी राहत मिलेगी। वर्षों पुरानी मांग पूरी होने पर क्षेत्रवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री का आभार जताया है और विश्वास व्यक्त किया है कि यह परियोजना इलाके के समग्र विकास को नई दिशा देगी।

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

Share this story