जशपुर : मानसिक रूप से कमजोर युवती से दुष्कर्म, आरोपित गिरफ्तार, भेजा गया जेल
अंबिकापुर, 25 मई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिला अंतर्गत सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के एक गांव में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक अधेड़ ने युवती की मानसिक स्थिति का फायदा उठाकर उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपित को चौबीस घंटे के भीतर गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। पकड़ा गया आरोपित संतोष राम (41 वर्ष) इसी थाना क्षेत्र का रहने वाला है।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, बीती 23 मई को पीड़िता की छोटी बहन ने सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि उसकी 32 वर्षीय बड़ी बहन की मानसिक स्थिति पिछले 15-16 वर्षों से ठीक नहीं है और वह घर पर ही शांत रहती है। 21 मई की शाम करीब 7 बजे जब परिजन उसे खाना खाने के लिए बुलाने गए, तो वह आंगन से गायब थी। चिंतित परिजनों ने जब गांव में उसकी तलाश शुरू की, तो करीब आधे घंटे बाद पड़ोसी संतोष राम के घर के पास से उन्हें पीड़िता के खांसने की आवाज सुनाई दी। जब परिजन भागकर घर के भीतर पहुंचे, तो आरोपित संतोष राम पीड़िता के साथ आपत्तिजनक स्थिति में मिला। परिजनों को देखते ही आरोपित मौके से फरार हो गया, जिसके बाद पीड़ित युवती को घर लाया गया।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जशपुर पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया। पीड़िता की बहन की रिपोर्ट पर सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपित संतोष राम के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(2)(K) और 87 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। थाना प्रभारी निरीक्षक मोर ध्वज देशमुख के नेतृत्व में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को उसके घर से हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपित ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद पर्याप्त सबूतों के आधार पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर 24 मई को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
मामले पर कड़ा रुख अपनाते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस महिलाओं और कमजोर वर्गों से संबंधित अपराधों को लेकर अत्यंत संवेदनशील है। मानसिक रूप से बेबस पीड़िता के साथ इस तरह का कृत्य करने वाले आरोपित को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया है। उन्होंने अपराधियों को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि जिले में ऐसे घिनौने अपराधों में संलिप्त किसी भी असामाजिक तत्व को कतई बख्शा नहीं जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

