जशपुर : दुष्कर्म के आरोपित फरार आरक्षक पर इनाम घोषित, लुकआउट नोटिस जारी
जशपुर, 16 मई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में कानून के रक्षक पर ही भक्षक बनने का एक गंभीर मामला सामने आया है। कांसाबेल थाने में पदस्थ आरक्षक रूद्रमणी यादव पर बलात्कार और प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगने के बाद विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने आरोपित की गिरफ्तारी के लिए दो हजार रुपये के नकद इनाम की घोषणा की है। इसके साथ ही पुलिस ने आरोपित के खिलाफ लुकआउट नोटिस भी जारी कर दिया है, ताकि वह क्षेत्र से बाहर न भाग सके।
एसएसपी डाॅ. लाल उमेद सिंह ने शनिवार काे बताया कि एक पीड़िता ने बीते 24 अप्रैल 2026 को थाना कांसाबेल में लिखित आवेदन देकर अपनी शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता का आरोप है कि आरक्षक रूद्रमणी यादव ने उसके साथ न सिर्फ दुष्कर्म किया, बल्कि उसे आर्थिक और मानसिक रूप से भी बुरी तरह प्रताड़ित किया। इस शिकायत को बेहद गंभीरता से लेते हुए आरोपित आरक्षक के खिलाफ अपराध क्रमांक 67/2026 के तहत भारतीय दंड विधान (आईपीएस) की विभिन्न संगीन धाराओं और एससी/एसटी (एससी/एसटी) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। फरार आरक्षक पर इनाम घाेषित कर लुकआउट नाटिस जारी कर दिया गया है।
पुलिस द्वारा दर्ज की गई प्राथमिकी के अनुसार, आरोपित के खिलाफ बलात्कार से संबंधित धाराओं 376(2)(एन) और 376(2)(क)(1) के अलावा जबरन गर्भपात कराने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में धारा 313, 294, 506(बी) लगाई गई है। चूंकि पीड़िता अनुसूचित जनजाति वर्ग से है, इसलिए मामले में एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(2)(v) और 3(1)(ब)(i) को भी शामिल किया गया है। आपराधिक मुकदमा दर्ज होने की भनक लगते ही आरोपित आरक्षक, जो कि बगीचा थाना क्षेत्र के ग्राम टांगरडीह का निवासी है, अपनी गिरफ्तारी के डर से लगातार फरार चल रहा है।
आरोपित की धरपकड़ के लिए पुलिस की विशेष टीमें गठित की गई हैं, जिन्होंने उसके निवास स्थान, रिश्तेदारों और तमाम संभावित ठिकानों पर दबिश दी है, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है। इसी के मद्देनजर पुलिस कप्तान डॉ. लाल उमेद सिंह ने पुलिस रेगुलेशन के प्रावधानों का प्रयोग करते हुए इनाम की उद्घोषणा जारी की है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि जो कोई भी व्यक्ति इस फरार आरोपित के संबंध में सटीक जानकारी देगा या उसे गिरफ्तार करवाने में मदद करेगा, उसे दो हजार रुपये के नकद पुरस्कार से पुरस्कृत किया जाएगा। पुलिस प्रशासन ने यह भी भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी।
जशपुर पुलिस ने आम जनता से भी इस मामले में सहयोग की अपील की है। यदि किसी भी नागरिक के पास फरार आरक्षक रूद्रमणी यादव के संबंध में कोई भी जानकारी हो, तो वह तत्काल पुलिस अधीक्षक कार्यालय के नंबर 07763-223240 (मो. 94791-93600), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के नंबर 07763-223801 (मो. 94791-93601), थाना प्रभारी कांसाबेल के मोबाइल नंबर 94791-93612 या फिर जिला पुलिस नियंत्रण कक्ष के नंबर 07763-223807 (मो. 94791-93699) पर संपर्क कर सूचना दे सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

