जशपुर : लापरवाही और नियम उल्लंघन पर बस ऑपरेटरों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई: कलेक्टर रोहित व्यास
जशपुर, 24 मार्च (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में निजी बस संचालन व्यवस्था को सुरक्षित, व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर रोहित व्यास ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिले के समस्त निजी बस ऑपरेटरों की बैठक लेकर विस्तृत समीक्षा की। बैठक में यात्रियों की सुरक्षा, समयबद्ध संचालन, निर्धारित किराया, वाहनों की फिटनेस, ओवरलोडिंग, प्राथमिक चिकित्सा किट और सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह भी मौजूद रहे।
कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित बस ऑपरेटरों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी बस स्टैंड पर निर्धारित समय सीमा का पालन किया जाए, यातायात व्यवस्था बाधित न हो, और बसों को अनावश्यक रूप से स्टैंड में खड़ा न रखा जाए। सड़कों पर बीच में बस खड़ी कर सवारी लेने या ओवरलोडिंग जैसी गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि सभी बसों का नियमित फिटनेस परीक्षण, बीमा और परमिट की वैधता अनिवार्य रूप से अद्यतन रखी जाए। बसों में महिला, पुरुष और बच्चों के लिए सुरक्षित बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही हेल्पलाइन और शिकायत नंबर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किए जाएं। कलेक्टर ने यह भी कहा कि चालक और परिचालकों का व्यवहार यात्रियों के प्रति विनम्र होना चाहिए, ताकि लोग सुरक्षित और सहज यात्रा कर सकें।
बस चालकों के मेडिकल परीक्षण, पुलिस चरित्र सत्यापन और वैध ड्राइविंग लाइसेंस की अनिवार्यता पर भी विशेष जोर दिया गया। इसके अलावा प्रत्येक बस में फायर एक्सटिंग्विशर और फर्स्ट एड किट रखने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने यह भी चेतावनी दी कि नशे की हालत में वाहन चलाना और मोबाइल फोन का उपयोग करना गंभीर अपराध माना जाएगा और ऐसे मामलों में तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जशपुर जिला पहाड़ी और संवेदनशील भौगोलिक क्षेत्र है, जहां सड़क दुर्घटनाओं की संभावना अधिक रहती है। ऐसे में विशेष रूप से ग्रामीण और पहाड़ी मार्गों पर केवल प्रशिक्षित और अनुभवी चालकों से ही बस संचालन कराया जाए। उन्होंने कहा कि थकान और लापरवाही से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए चालकों को पर्याप्त विश्राम दिया जाना जरूरी है।
एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि बस चालकों की नियमित जांच की जाए और नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। बैठक में जिला परिवहन अधिकारी विजय निकुंज, जिला बस मालिक संघ के अध्यक्ष केदार मिश्रा सहित अन्य अधिकारी और बस ऑपरेटर मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

