कलेक्टर ने ली साप्ताहिक समय-सीमा बैठक, आधार अपडेट, अवैध खनन पर कार्रवाई और पीएम सूर्यघर योजना में तेजी के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
कलेक्टर ने ली साप्ताहिक समय-सीमा बैठक, आधार अपडेट, अवैध खनन पर कार्रवाई और पीएम सूर्यघर योजना में तेजी के निर्देश


जांजगीर-चांपा, 2 मार्च (हि. स.)। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने आज सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक लेकर विभिन्न विभागों के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। बैठक में लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण, राजस्व मामलों के त्वरित समाधान और आमजन से जुड़े विकास कार्यों में गति लाने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने निर्देशित किया कि सभी विभाग फाइलों का संधारण अनिवार्य रूप से ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से करें, ताकि पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित हो सके। अधिकारियों-कर्मचारियों को नियमित ई-अटेंडेंस दर्ज करने और समय पर कार्यालय पहुंचने के भी निर्देश दिए गए।

अवैध रेत खनन और परिवहन पर कड़ा रुख अपनाते हुए कलेक्टर ने राजस्व, खनिज और पुलिस विभाग को समन्वित अभियान चलाकर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अवैध उत्खनन में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध तत्काल जब्ती और कड़ी कार्रवाई की जाए।

बैठक में विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने पर जोर दिया गया। सभी विभागों को जांजगीर-चांपा निर्माण मॉनिटरिंग पोर्टल में नियमित प्रविष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि कार्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग हो सके।

आरबीसी 6-4 के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने प्राकृतिक आपदा अथवा अन्य पात्र परिस्थितियों में प्रभावित हितग्राहियों को आर्थिक सहायता राशि शीघ्र स्वीकृत और वितरित करने के निर्देश दिए। कचरा निपटान व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने, गीला-सूखा कचरा पृथक्करण और नियमित घर-घर कलेक्शन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। नगर पालिका और जनपद पंचायत को वैज्ञानिक पद्धति से डंपिंग एवं प्रोसेसिंग की व्यवस्था करने कहा गया।

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की समीक्षा करते हुए पात्र किसानों को समय पर राशि उपलब्ध कराने और लंबित ई-केवाईसी शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। रबी मौसम में दलहन, तिलहन, उद्यानिकी एवं सब्जी फसलों के रकबे में विस्तार कर किसानों की आय बढ़ाने पर जोर दिया गया।

कलेक्टर ने बताया कि 1 मार्च से जिले में विशेष जल संरक्षण महाभियान शुरू किया गया है। “हर घर सोक पिट” अभियान के माध्यम से जल संचय को बढ़ावा देने और इसे जन-आंदोलन बनाने की अपील की गई। पंचायतों को अभियान को घर-घर तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।

शिक्षा, स्वास्थ्य एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के समन्वय से स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में शिविर लगाकर शेष छात्र-छात्राओं का आधार अपडेटेशन 31 मार्च तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग से फाइलेरिया अभियान की जानकारी लेते हुए सामूहिक दवा सेवन अभियान को निरंतर जारी रखने और शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए गए।

खाद्य विभाग को सभी राशन कार्डधारियों को समय पर राशन वितरण सुनिश्चित करने कहा गया। पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से अधिक हितग्राहियों को जोड़ने, पात्र परिवारों की पहचान कर मार्गदर्शन देने और व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए, ताकि नागरिक सोलर ऊर्जा का लाभ ले सकें।

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत आवासों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में प्रभावी संचालन के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। मिशन अमृत के कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर गुणवत्ता और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने कहा गया। साथ ही कौशल विकास योजनाओं के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं को प्रशिक्षण और रोजगार से जोड़ने पर जोर दिया गया।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर आर के तम्बोली, संयुक्त कलेक्टर स्निग्धा तिवारी सहित जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story