जांजगीर पुलिस लाइन में बलवा ड्रिल का अभ्यास, दंगा नियंत्रण और आपात स्थिति से निपटने जवानों को दिया विशेष प्रशिक्षण

WhatsApp Channel Join Now
जांजगीर पुलिस लाइन में बलवा ड्रिल का अभ्यास, दंगा नियंत्रण और आपात स्थिति से निपटने जवानों को दिया विशेष प्रशिक्षण


जांजगीर पुलिस लाइन में बलवा ड्रिल का अभ्यास, दंगा नियंत्रण और आपात स्थिति से निपटने जवानों को दिया विशेष प्रशिक्षण


जांजगीर, 24 जुलाई (हि,. स.)। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने की तैयारी के तहत शुक्रवार को पुलिस लाइन जांजगीर में बलवा ड्रिल का व्यापक अभ्यास कराया गया। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में आयोजित इस अभ्यास में पुलिस अधिकारियों और जवानों को भीड़ नियंत्रण, दंगाई गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई, आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के व्यावहारिक तरीकों का प्रशिक्षण दिया गया।

जनरल परेड के बाद आयोजित इस विशेष प्रशिक्षण में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था ड्यूटी के दौरान भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सतर्कता, संयम और अनुशासन के साथ कार्य करना बेहद आवश्यक है। उन्होंने जवानों को निर्देश दिए कि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए हमेशा तैयार रहें और आम नागरिकों के साथ सौहार्दपूर्ण एवं संवेदनशील व्यवहार बनाए रखें।

प्रशिक्षण के दौरान पुलिस बल को दंगा नियंत्रण की विभिन्न तकनीकों का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया। जवानों ने भीड़ को नियंत्रित करने, आपात स्थिति में त्वरित मोर्चा संभालने, दंगाई गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपनाई जाने वाली रणनीतियों का प्रदर्शन किया। इस दौरान बलवा नियंत्रण में उपयोग किए जाने वाले सुरक्षा उपकरणों, सुरक्षात्मक उपायों और समन्वित कार्रवाई की विस्तृत जानकारी भी दी गई।

अभ्यास का उद्देश्य पुलिस बल की कार्यकुशलता, समन्वय क्षमता और आपदा अथवा आपात परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की क्षमता को और बेहतर बनाना रहा। अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के नियमित प्रशिक्षण से पुलिस जवान वास्तविक परिस्थितियों में अधिक दक्षता और आत्मविश्वास के साथ कार्य कर पाते हैं, जिससे नागरिकों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलती है।

जांजगीर-चांपा पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर पुलिस बल के लिए ऐसे विशेष प्रशिक्षण और मॉक ड्रिल आयोजित किए जाते हैं, ताकि किसी भी चुनौतीपूर्ण स्थिति का प्रभावी और पेशेवर ढंग से सामना किया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story