धनतेरस और दीपावली पर जांजगीर-चांपा पुलिस अलर्ट, बाजारों और सराफा दुकानों में रहेगी कड़ी निगरानी
जांजगीर-चांपा, 05 नवंबर (हि. स.)। धनतेरस और दीपावली पर्व को देखते हुए जांजगीर-चांपा पुलिस ने जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और खरीदारों की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए प्रमुख चौक-चौराहों, सराफा बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। साथ ही चोरी, उठाईगिरी और जेबकटमारी जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पुलिस की पेट्रोलिंग टीमें लगातार निगरानी रखेंगी।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं। 6 नवंबर को धनतेरस और 8 नवंबर को दीपावली पर्व मनाया जाएगा। इस दौरान बाजारों में खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रमुख बाजारों, सराफा दुकानों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और संवेदनशील इलाकों में फिक्स पॉइंट निर्धारित कर पुलिस जवानों की ड्यूटी लगाई गई है।
पर्व के दौरान असामाजिक तत्वों, संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाएगी। पुलिस की पेट्रोलिंग टीमें लगातार क्षेत्रों का भ्रमण करेंगी। वहीं, यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए भी आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो।
पुलिस ने नागरिकों से की सतर्क रहने की अपील
जांजगीर-चांपा पुलिस ने नागरिकों से धनतेरस और दीपावली का त्योहार शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में मनाने की अपील की है। खरीदारी के दौरान अपने सामान और वाहनों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना, पुलिस कंट्रोल रूम जांजगीर के मोबाइल नंबर 9479193199 या डायल 112 पर देने की अपील की गई है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान जिले में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

