जांजगीर-चांपा में नशे के खिलाफ पुलिस की बड़ी पहल, 55 महिलाओं की बनी महिला कमांडो टीम
दल्हा पहाड़ की सुरक्षा के लिए 12 युवाओं का ‘पहाड़ मित्र’ दल
जांजगीर-चांपा, 12 अगस्त (हि. स.)। जिले में नशामुक्ति, महिला सुरक्षा और सामाजिक अपराधों की रोकथाम को लेकर पुलिस ने सामुदायिक पुलिसिंग के तहत नई पहल शुरू की है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में अकलतरा थाना क्षेत्र के ग्राम पड़रिया में आज बुधवार को ग्रामीणों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान गांव को नशामुक्त बनाने का संकल्प दिलाने के साथ 55 सक्रिय एवं जागरूक महिलाओं की ‘महिला कमांडो टीम’ और दल्हा पहाड़ की सुरक्षा के लिए 12 युवाओं के ‘पहाड़ मित्र’ दल का गठन किया गया।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैण्डन यार्क, अनुविभागीय पुलिस अधिकारी अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह सहित पुलिस अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीणों से सीधे संवाद करते हुए नशे और अन्य सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जनभागीदारी बढ़ाने की अपील की।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को प्रभावित नहीं करता, बल्कि इसका असर पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है। युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से रोकना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने ग्रामीणों से नशे के कारोबार और अवैध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
ग्राम पड़रिया की 55 सक्रिय और जागरूक महिलाओं का चयन कर महिला कमांडो टीम गठित की गई है। यह टीम गांव में नशामुक्ति अभियान, महिला सुरक्षा, सामाजिक जागरूकता और अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस के साथ सहयोग करेगी। महिलाओं ने गांव को पूरी तरह नशामुक्त बनाने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का संकल्प लिया। महिला कमांडो टीम की सदस्यों को टोपी और सीटी प्रदान कर अभियान के लिए प्रोत्साहित किया गया।
वहीं, दल्हा पहाड़ क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने तथा असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर तत्काल प्रभावी अंकुश लगाने के लिए 12 नवयुवकों का ‘पहाड़ मित्र’ दल गठित किया गया। युवाओं को अप्रिय घटनाओं की रोकथाम और क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए शपथ दिलाई गई। ‘पहाड़ मित्र’ दल के सदस्यों को उनकी अलग पहचान के लिए ‘पहाड़ मित्र’ लिखी टी-शर्ट, टोपी और सीटी प्रदान की गई।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने कहा कि सामुदायिक पुलिसिंग का उद्देश्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास, सहयोग और सहभागिता को मजबूत करना भी है। ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी से नशे और अपराध जैसी सामाजिक बुराइयों पर प्रभावी तरीके से अंकुश लगाया जा सकता है।
पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की कि वे गांव और आसपास के क्षेत्र को नशामुक्त बनाने में पुलिस का सहयोग करें। किसी भी तरह की अवैध गतिविधि, नशे के कारोबार या असामाजिक गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।
ग्राम पड़रिया में शुरू की गई यह पहल सामुदायिक पुलिसिंग की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि इससे अन्य गांवों में भी नशामुक्ति, महिला सुरक्षा और सामाजिक अपराधों की रोकथाम के लिए जनभागीदारी को बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम में थाना प्रभारी अकलतरा जय कुमार साहू, पुलिस सहायता केंद्र प्रभारी विनोद जाटवर, क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और पुलिस स्टाफ मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

