जांजगीर-चांपा में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा: अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर ने कोनार राहत शिविर का किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
जांजगीर-चांपा में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा: अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर ने कोनार राहत शिविर का किया निरीक्षण


जांजगीर-चांपा, 18 जुलाई (हि. स.)। जांजगीर-चांपा जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन में अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर ने शनिवार को कोनार स्थित राहत शिविर का निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने शिविर में ठहरे बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली और अधिकारियों को हर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर ने राहत शिविर में भोजन, स्वच्छ पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं, साफ-सफाई, शौचालय व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि राहत शिविर में रह रहे प्रत्येक परिवार को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और सभी सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं।

इसके बाद अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर ट्रैक्टर के माध्यम से जलभराव वाले प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे और गांवों की वास्तविक स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने जलभराव, आवागमन की स्थिति तथा राहत एवं बचाव कार्यों की प्रगति की जानकारी अधिकारियों से ली। साथ ही निर्देश दिए कि बारिश की स्थिति को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखी जाए और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी विभाग समन्वय बनाकर कार्य करें, ताकि प्रभावित लोगों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जा सके। प्रशासन की प्राथमिकता लोगों की सुरक्षा और राहत कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करना है।

निरीक्षण के दौरान तहसीलदार अमरनाथ श्याम सहित राजस्व एवं अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित रहे और राहत कार्यों की प्रगति से अपर कलेक्टर को अवगत कराया।

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story