जांजगीर-चांपा साइबर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 10 पीड़ितों को लौटाए 54,568 रुपये

WhatsApp Channel Join Now
जांजगीर-चांपा साइबर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 10 पीड़ितों को लौटाए 54,568 रुपये


जांजगीर-चांपा, 08 अगस्त (हि. स.)। साइबर ठगी के मामलों में जांजगीर-चांपा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 पीड़ितों के बैंक खातों में ठगी गई कुल 54,568 रुपये की राशि वापस करा दी है। साइबर थाना जांजगीर-चांपा की टीम ने भारत सरकार के गृह मंत्रालय के भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4सी) के माध्यम से प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित बैंकों के नोडल अधिकारियों से समन्वय स्थापित किया और ठगी की रकम को होल्ड कराकर पीड़ितों को वापस दिलाने की प्रक्रिया शुरू की।

पुलिस के अनुसार, I4सी पोर्टल के माध्यम से साइबर थाना जांजगीर-चांपा को कुल 31 आवेदन प्राप्त हुए थे। शिकायतों पर तत्काल संज्ञान लेते हुए साइबर पुलिस ने संबंधित मामलों में बैंकों के नोडल अधिकारियों को पोर्टल के माध्यम से नोटिस भेजा। इसके बाद कार्रवाई के परिणामस्वरूप 10 आवेदकों के खातों में कुल 54,568 रुपये की ठगी की रकम सफलतापूर्वक वापस पहुंचाई गई।

पुलिस ने बताया कि शेष लंबित मामलों में भी संबंधित बैंकों के नोडल अधिकारियों से लगातार संपर्क किया जा रहा है। इन मामलों में ठगी की रकम को वापस दिलाने की कार्रवाई तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है। इसके अलावा अन्य पीड़ितों से भी संपर्क किया जा रहा है और उनके साथ हुई साइबर ठगी की होल्ड राशि को वापस दिलाने के लिए एमआरएम पोर्टल के माध्यम से आवश्यक आवेदन कराया जा रहा है।

जांजगीर-चांपा साइबर थाना को जिले में जीआरएम पोर्टल के माध्यम से खाता एवं रकम अनहोल्ड कराने से संबंधित कुल 6 शिकायतें भी प्राप्त हुई हैं। इन शिकायतों की संबंधित थानों से जांच कराई गई। जांच के दौरान 4 शिकायतों में एक ही मामले को लेकर मल्टीपल शिकायत दर्ज पाए जाने पर आवेदन निरस्त किए गए। वहीं, एक शिकायत में आवेदक का खाता और रकम अनहोल्ड कराया गया है, जबकि एक शिकायत अभी जांच के स्तर पर लंबित है।

साइबर पुलिस की इस कार्रवाई से उन लोगों को राहत मिली है, जो ऑनलाइन ठगी का शिकार हुए थे। पुलिस का कहना है कि साइबर अपराध में समय पर शिकायत दर्ज कराना बेहद महत्वपूर्ण है। ठगी के तुरंत बाद शिकायत मिलने पर संबंधित बैंक खाते में मौजूद रकम को होल्ड कराने की संभावना बढ़ जाती है और रकम को पीड़ित के खाते में वापस कराने की कार्रवाई की जा सकती है।

जिला पुलिस जांजगीर-चांपा ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन या साइबर ठगी होने पर घबराएं नहीं और तत्काल इसकी शिकायत दर्ज कराएं। पीड़ित राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कर सकते हैं या साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर तत्काल संपर्क कर सकते हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन लेनदेन के दौरान सतर्क रहें और किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, पिन, सीवीवी, बैंक संबंधी जानकारी या अन्य संवेदनशील जानकारी साझा न करें।

हिन्दुस्थान समाचार /लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story