जांजगीर-चांपा में बिजली व्यवस्था सुधारने सख्त हुए कलेक्टर महोबे, शिकायतों के त्वरित समाधान और पीएम सूर्य घर योजना में तेजी के दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
जांजगीर-चांपा में बिजली व्यवस्था सुधारने सख्त हुए कलेक्टर महोबे, शिकायतों के त्वरित समाधान और पीएम सूर्य घर योजना में तेजी के दिए निर्देश


जांजगीर-चांपा, 21 जुलाई (हि. स.)। जिले में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने और उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित समाधान को लेकर कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने मंगलवार को छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण विभाग के अधिकारियों की विस्तृत समीक्षा बैठक ली। बैठक में बिजली आपूर्ति व्यवस्था, लंबित शिकायतों के निराकरण, ट्रांसफॉर्मर और लो-वोल्टेज जैसी तकनीकी समस्याओं के समाधान तथा प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई।

कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बारिश और तेज हवा के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को बिजली संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए भटकना न पड़े और प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए क्षेत्रवार सहायक अभियंताओं और कनिष्ठ अभियंताओं की संपर्क जानकारी सार्वजनिक करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में ट्रांसफॉर्मर खराब होने, लो-वोल्टेज, बार-बार बिजली गुल होने और अन्य तकनीकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने पर जोर दिया गया। कलेक्टर ने अधिकारियों से नियमित मॉनिटरिंग कर विद्युत व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और फील्ड स्तर पर लगातार निगरानी रखने को कहा।

बैठक के दौरान विद्युत विभाग ने जानकारी दी कि जांजगीर और चांपा शहर के उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए 24×7 कॉल सेंटर संचालित किया जा रहा है। जांजगीर (नैला जोन) के उपभोक्ता 6262045898 और 9171887873 नंबरों पर तथा चांपा जोन के उपभोक्ता 7400729488 नंबर पर बिजली संबंधी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

कलेक्टर ने जांजगीर शहर के सभी विद्युत उपकेंद्रों की रिंगमेन (इंटरकनेक्शन) व्यवस्था का कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही चांपा के गांधी भवन क्षेत्र और शिवरीनारायण अंतर्गत खरौद में प्रस्तावित नए विद्युत उपकेंद्रों के निर्माण कार्य में तेजी लाने पर भी जोर दिया।

उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और उपभोक्ताओं को जोड़ते हुए क्षेत्रवार व्हाट्सएप ग्रुप बनाने के निर्देश दिए, ताकि बिजली संबंधी शिकायतों की तत्काल जानकारी मिल सके और उनका शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

समीक्षा बैठक में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने लंबित आवेदनों का जल्द परीक्षण करने, पात्र हितग्राहियों के घरों में रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित कराने और निर्धारित लक्ष्य समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक लोगों को स्वच्छ ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित करने पर भी बल दिया।

बैठक में संयुक्त कलेक्टर संदीप सिंह सहित छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण विभाग के कार्यपालन अभियंता, सहायक अभियंता और कनिष्ठ अभियंता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story