जांजगीर-चांपा में सड़क सुरक्षा को लेकर कलेक्टर-एसपी सख्त, हाईवे से हटेगा अतिक्रमण और मवेशियों का जमावड़ा

WhatsApp Channel Join Now
जांजगीर-चांपा में सड़क सुरक्षा को लेकर कलेक्टर-एसपी सख्त, हाईवे से हटेगा अतिक्रमण और मवेशियों का जमावड़ा


जांजगीर-चांपा, 31 अगस्त (हि. स.)। जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कलेक्टर जन्मेजय महोबे और पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने आज साेमवार काे जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक लेकर विस्तृत समीक्षा की।

कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में दुर्घटना संभावित क्षेत्रों, ब्लैक स्पॉट, हाईवे पर अतिक्रमण, मवेशियों की समस्या और यातायात नियमों के पालन को लेकर संबंधित विभागों को सख्त दिशा-निर्देश दिए गए।

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने जिले में चिन्हित ब्लैक स्पॉट और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुधार कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर सड़क दुर्घटनाओं की संभावना अधिक है, वहां जरूरत के अनुसार स्पीड ब्रेकर, चेतावनी संकेतक, रिफ्लेक्टर, कैट आई, सड़क प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य सुरक्षा उपाय किए जाएं। साथ ही ब्लैक स्पॉट का नियमित निरीक्षण कर वहां की सुरक्षा व्यवस्था में आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में हाईवे और प्रमुख मार्गों पर किए गए अतिक्रमण को चिन्हित कर प्रभावी कार्रवाई करने पर भी जोर दिया गया।

कलेक्टर ने कहा कि सड़क किनारे अवैध कब्जे और अतिक्रमण के कारण यातायात बाधित होता है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने राजस्व, पुलिस, नगरीय निकाय, लोक निर्माण विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को आपसी समन्वय के साथ सड़क सुरक्षा में बाधक अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। साथ ही दोबारा अतिक्रमण न हो, इसके लिए नियमित निगरानी रखने को कहा गया।

कलेक्टर ने सड़क दुर्घटना के बाद घायलों को गोल्डन ऑवर के भीतर बेहतर उपचार उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश स्वास्थ्य विभाग और संबंधित संस्थाओं को दिए। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के बाद शुरुआती समय घायल व्यक्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है। ऐसे में अस्पताल तक त्वरित पहुंच और समय पर उपचार की व्यवस्था मजबूत की जानी चाहिए।

हाईवे और प्रमुख मार्गों पर मवेशियों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए भी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि सड़कों पर मवेशियों के कारण यातायात प्रभावित होने या दुर्घटना की स्थिति बनने की संभावना होने पर तत्काल कार्रवाई की जाए। हाईवे और प्रमुख मार्गों पर नियमित निगरानी रखते हुए मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने को कहा गया।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने दुर्घटनाजन्य स्थानों पर जिग-जैग मार्किंग, रम्बल स्ट्रिप, साइन बोर्ड और रात्रिकालीन प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने वाहनों में रिफ्लेक्टर लगाने के संबंध में भी आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

एसपी ने नेशनल और स्टेट हाईवे पर नियमित पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने ओवर स्पीडिंग, ड्रिंक एंड ड्राइव और ढाबों के आसपास सड़क किनारे वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा। इसके अलावा हेलमेट, सीट बेल्ट, ओवरलोडिंग, ओवर स्पीडिंग समेत अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में ओवरलोडिंग और अन्य यातायात अनियमितताओं पर विशेष निगरानी रखने तथा दुर्घटनाओं को प्रभावी ढंग से कम करने के लिए संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया गया। कलेक्टर और एसपी ने जिले में कानून एवं व्यवस्था की स्थिति को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम, अपर कलेक्टर ज्ञानेंद्र सिंह ठाकुर, अपर कलेक्टर आर.के. तंबोली, जिला परिवहन अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story