महासमुन्द : जनजातीय गौरव दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का हुआ सीधा प्रसारण

WhatsApp Channel Join Now

भगवान बिरसा मुंडा के योगदान एवं जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत को किया नमन

महासमुन्द, 15 नवंबर (हि.स.)। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर आज जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में रविवार काे जिलास्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का ऑनलाइन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीधा प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा शामिल हुए।

इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर, नगर पालिका उपाध्यक्ष देवी चंद राठी, रमेश साहू, महेंद्र सिक्का, स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुपमा आनंद, आदिवासी विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा जनजातीय समाज के साथ संपूर्ण देश के गौरव हैं। उन्होंने बहुत कम आयु में अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध संघर्ष कर देश की स्वतंत्रता और जनजातीय समाज के अधिकारों के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उनका संघर्ष, साहस, त्याग और बलिदान आज भी हम सभी को प्रेरणा देता है। भगवान बिरसा मुंडा ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के साथ-साथ जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपरा, स्वाभिमान और अधिकारों के संरक्षण के लिए ऐतिहासिक भूमिका निभाई।

विधायक सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय नायकों के योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान एवं पहचान दिलाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, लोक परंपराएं, प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और सामुदायिक जीवनशैली हमारी राष्ट्रीय विरासत का अभिन्न अंग हैं। हमें इस विरासत को संरक्षित करते हुए आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना चाहिए। उन्होंने जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार एवं मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की बात कही।

इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन संघर्ष, साहस, सामाजिक चेतना और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। उन्होंने जनजातीय समाज को अपने अधिकारों, संस्कृति और परंपराओं के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका जीवन हमें अन्याय और शोषण के विरुद्ध आवाज उठाने तथा समाज और राष्ट्र के हित में कार्य करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज की विशिष्ट पहचान, रीति-रिवाज, लोककला, भाषा और परंपराओं का संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। शासन द्वारा जनजातीय समाज के उत्थान एवं विकास के लिए संचालित योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंचाने तथा शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका के अवसरों का विस्तार करने के लिए जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासन को मिलकर कार्य करना चाहिए।

राज्य शासन के निर्णयानुसार भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को प्रतिवर्ष जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में जिले में 16 से 18 नवंबर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिला प्रशासन द्वारा 16 नवंबर को अंबेडकर मंगल भवन, खैरा में सुबह 11 बजे से जिलास्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ जनजातीय समाज के प्रतिनिधि, समाज के सदस्य एवं आम नागरिक भी सहभागिता करेंगे। जनजातीय गौरव दिवस का मुख्य उद्देश्य जनजातीय समाज के महान स्वतंत्रता सेनानियों, वीर नायकों एवं महापुरुषों के योगदान को स्मरण करना तथा जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली विरासत के प्रति सम्मान एवं जागरूकता बढ़ाना है। यह आयोजन जनजातीय समाज के ऐतिहासिक संघर्ष, स्वतंत्रता संग्राम में उनके अमूल्य योगदान और देश की सांस्कृतिक विविधता में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को सम्मान देने का अवसर है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777364 Articles

Share this story