गांव की जरूरतें गांव वाले तय करेंगे, जन संवाद-2.0 में ग्रामीणों ने साझा किए सुझाव

WhatsApp Channel Join Now
गांव की जरूरतें गांव वाले तय करेंगे, जन संवाद-2.0 में ग्रामीणों ने साझा किए सुझाव


धमतरी, 20 अगस्त (हि.स.)। गांव के विकास की दिशा अब ग्रामीणों की जरूरतों और प्राथमिकताओं से तय करने की पहल शुरू हो गई है। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देशन और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा के मार्गदर्शन में जिले की सभी ग्राम पंचायतों में जन संवाद-2.0 विकसित भारत ग्राम संकल्प अभियान के तहत जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए।

पंचायत भवनों में हुए कार्यक्रमों में ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, अधिकारों, रोजगार के अवसरों और ग्राम विकास से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी दी गई। ग्रामीणों ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी करते हुए सड़क, पेयजल, स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, रोजगार, आजीविका और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी अपनी जरूरतें और सुझाव साझा किए।

अभियान के दौरान ‘मेरे गांव की प्राथमिकता’ वोटिंग वॉल, ‘125 दिन रोजगार- मेरा अधिकार’ शपथ, ‘विकसित भारत संदेश कार्ड’, ‘जनता पूछे-पंचायत बताए’ संवाद मंच और ‘तिरंगे के साथ विकास संदेश’ जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं। ‘मेरे गांव की प्राथमिकता’ के जरिए ग्रामीण अपने गांव के प्रमुख विकास कार्यों का चयन करेंगे, जबकि विकसित भारत संदेश कार्ड के माध्यम से अपने सपनों के गांव और भविष्य की अपेक्षाएं साझा करेंगे।

‘जनता पूछे-पंचायत बताए’ मंच पंचायत और ग्रामीणों के बीच सीधा संवाद स्थापित करेगा, जिससे योजनाओं और विकास कार्यों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही मजबूत होगी। ‘125 दिन रोजगार- मेरा अधिकार’ गतिविधि के जरिए ग्रामीण परिवारों को रोजगार के अधिकार और योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।

जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा ने कहा कि अभियान का उद्देश्य ग्रामीणों को विकास प्रक्रिया का सक्रिय सहभागी बनाना है। ग्राम पंचायत की विकास दिशा तभी प्रभावी होगी, जब ग्रामीणों की जरूरतों, प्राथमिकताओं और आकांक्षाओं को कार्ययोजना में स्थान मिलेगा।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत का संकल्प तभी साकार होगा, जब गांव सशक्त, आत्मनिर्भर और सुविधासंपन्न बनेंगे। जन संवाद-2.0 के जरिए ‘ग्रामीणों की बात, गांव की प्राथमिकता और जनभागीदारी से विकास’ की भावना को मजबूत करने की दिशा में पहल की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story