जल जीवन मिशन के काम जल्द पूरा करने के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
जल जीवन मिशन के काम जल्द पूरा करने के निर्देश


बलरामपुर, 09 सितंबर (हि.स.)। जल जीवन मिशन की योजनाओं को तय समय में पूरा कर अंतिम रूप देने पर जोर दिया गया है। आज बुधवार को जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक में कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने अधिकारियों को मानकों का पालन करते हुए काम की नियमित निगरानी करने और बिना काम के भुगतान नहीं करने के स्पष्ट निर्देश दिए।

बैठक में जल जीवन मिशन के तहत चल रही समूह और एकल ग्राम जल प्रदाय योजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की समीक्षा की गई। जिले में अक्टूबर 2026 तक कुल 772 योजनाएं पूरी की जानी हैं। इनमें 257 योजनाएं ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित हो चुकी हैं, 119 की हस्तांतरण प्रक्रिया अंतिम चरण में है, जबकि 396 योजनाओं का काम अभी चल रहा है।

कलेक्टर ने कहा कि शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा करना अभियंता, उप अभियंता और संबंधित अधिकारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रगतिरत कार्यों के लिए कैलेंडर आधारित कार्ययोजना तैयार कर उन्हें जल्द पूरा कराने और प्रत्येक प्रोजेक्ट को अंतिम स्वरूप देने के निर्देश दिए।

उन्होंने ठेकेदारों के काम की नियमित मॉनिटरिंग करने और सितंबर में अधिक से अधिक प्रगति लाने को कहा। अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी कर काम पूरा करने की अंतिम तिथि तय करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि निर्धारित नियमों के अनुसार ही भुगतान किया जाए और बिना काम के किसी को राशि जारी न की जाए।

हर घर जल योजना के तहत सभी घरों तक नियमित पेयजल पहुंचाने पर भी जोर दिया गया। कलेक्टर ने क्रेडा विभाग के अधिकारियों को लंबित कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग को लो-वोल्टेज वाले क्षेत्रों में सब स्टेशन के प्रस्ताव भेजने और कोचली, कुसमी, भुनेश्वरपुर के शंकर नगर, जारगी, भरतपुर, राजपुर के चौरा तथा वाड्रफनगर के रामचंद्र और सनावल में प्राथमिकता से समस्या दूर करने कहा गया।

बैठक में पूर्ण हो चुकी योजनाओं वाले खड़ियाडामर, ककना, गोपीनगर, सरीमा, पुरानडीह और पेंडारी में आयोजित जल अर्पण दिवस कार्यक्रमों की जानकारी भी दी गई।

बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता पंकज जैन, उप अभियंता और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story