सूरजपुर में नाै लाख रुपये ठगी करने वाले पांच आरोपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
सूरजपुर में नाै लाख रुपये ठगी करने वाले पांच आरोपित गिरफ्तार


सूरजपुर, 23 अगस्त (हि.स.)। जेल में हुई पहचान के बाद दोस्ती और फिर ठगी की साजिश रचने का मामला सूरजपुर में सामने आया है। पुलिस ने रकम दोगुनी करने का झांसा देकर एक युवक से 9 लाख रुपये ठगने वाले पांच आरोपितों को शनिवार की देर शाम गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से मोबाइल फोन और सिम कार्ड भी जब्त किए हैं।

मामला रामानुजनगर थाना क्षेत्र के ग्राम मांजा का है। यहां रहने वाले अमन साहू ने पुलिस को शिकायत दी कि गांव के मनधुज साहू उर्फ पिंटू साहू ने उसे पैसे दोगुने करने वाली योजना के बारे में बताया था। शुरुआत में अमन ने इसमें पैसा लगाने से इनकार कर दिया, लेकिन आरोप है कि मनधुज लगातार मोबाइल फोन के जरिए उससे संपर्क करता रहा और रकम दोगुनी होने का लालच देता रहा।

आखिरकार अमन आरोपित के झांसे में आ गया। उसने अपने व्यवसाय में जमा 5.50 लाख रुपये निकाले और परिचितों से 3.50 लाख रुपये जुटाए। इस तरह उसने कुल 9 लाख रुपये तैयार किए।

शिकायत के मुताबिक 3 जून को अमन साहू, पंकज साहू के साथ आरोपितों के बताए स्थान पर पहुंचा। दोनों मानपुर चौक से आगे बाइपास रोड पर पहुंचे, जहां अमन ने आरोपियों को 9 लाख रुपये सौंप दिए।

रकम देने के बाद जब उसे न तो पैसे वापस मिले और न ही रकम दोगुनी हुई, तब उसे ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

सूरजपुर एसडीओपी अभिषेक पैकरा ने आज रविवार को बताया कि मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मनधुज साहू उर्फ पिंटू को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में मनधुज ने बताया कि, वर्ष 2023 में जेल में रहने के दौरान उसकी पहचान उत्तर प्रदेश के वाराणसी निवासी राजेश सिंह पटेल से हुई थी। जेल से बाहर आने के बाद दोनों के बीच संपर्क बना रहा। इसके बाद राजेश और उसके साथियों के साथ मिलकर रकम दोगुनी करने के नाम पर लोगों से ठगी करने की योजना बनाई गई।

पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपित मनधुज साहू उर्फ पिंटू सहित कुल पांच आरोपितों को बीते शाम गिरफ्तार किया है। आरोपितों के पास से मोबाइल फोन और सिम कार्ड जब्त किए गए हैं। पुलिस अब आरोपितों से जुड़े अन्य लोगों और इस तरह की ठगी के दूसरे मामलों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।

पुलिस का कहना है कि मामले में तकनीकी साक्ष्यों और आरोपितों से मिली जानकारी के आधार पर आगे की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story