तिरंगे के रंगों में सजे ‘जय माता दी’ समूह के उत्पाद बने आकर्षण का केंद्र, कलेक्टर ने बढ़ाया महिलाओं का उत्साह

WhatsApp Channel Join Now
तिरंगे के रंगों में सजे ‘जय माता दी’ समूह के उत्पाद बने आकर्षण का केंद्र, कलेक्टर ने बढ़ाया महिलाओं का उत्साह


कोरबा, 11 अगस्त (हि. स.)। स्वतंत्रता दिवस के उत्सव के बीच कोरबा कलेक्ट्रेट परिसर में महिला स्व-सहायता समूह की महिलाओं के हुनर और आत्मनिर्भरता की आकर्षक झलक देखने को मिल रही है। रजगामार की ‘जय माता दी’ स्व-सहायता समूह की 13 महिलाओं ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में देशभक्ति की थीम पर स्टॉल लगाया है। तिरंगे के रंगों से सजे इस स्टॉल में महिलाओं द्वारा तैयार किए गए कॉफी मग, टी-शर्ट, मैजिक मिरर, मैजिक मग सहित कई आकर्षक उत्पाद उपलब्ध हैं। इन उत्पादों को लोग खासा पसंद कर रहे हैं।

महिलाओं के हुनर और मेहनत को प्रोत्साहित करने के लिए कलेक्टर कुणाल दुदावत स्वयं स्टॉल पर पहुंचे। उन्होंने समूह की महिलाओं से बातचीत कर उनके द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों की जानकारी ली। कलेक्टर ने महिलाओं की रचनात्मकता और मेहनत की सराहना करते हुए उनका उत्साह बढ़ाया और स्टॉल से उत्पादों की खरीदारी भी की। कलेक्टर के इस प्रोत्साहन से समूह की महिलाओं में खासा उत्साह और आत्मविश्वास देखने को मिला।

‘जय माता दी’ स्व-सहायता समूह से रजगामार की कीर्ति प्रजापति सहित 13 महिलाएं जुड़ी हैं। वर्ष 2019 से समूह के माध्यम से महिलाएं विभिन्न गतिविधियों से जुड़कर अपने हुनर को आजीविका का साधन बना रही हैं। महिलाएं अपने कौशल और रचनात्मकता के जरिए आकर्षक उत्पाद तैयार करती हैं और विभिन्न अवसरों पर स्टॉल लगाकर इन्हें लोगों तक पहुंचाती हैं।

स्वतंत्रता दिवस को ध्यान में रखते हुए इस बार समूह ने अपने स्टॉल को विशेष रूप से देशभक्ति की थीम पर सजाया है। तिरंगे के रंगों में तैयार किए गए उत्पादों में स्वतंत्रता दिवस और राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान की भावना को रचनात्मक अंदाज में प्रस्तुत किया गया है। कॉफी मग, टी-शर्ट, मैजिक मिरर और मैजिक मग जैसे उत्पाद स्टॉल पर आने वाले लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं।

समूह की महिलाओं का कहना है कि स्व-सहायता समूह से जुड़ने के बाद उन्हें अपने हुनर को आगे बढ़ाने के साथ नई चीजें सीखने का अवसर मिला है। महिलाएं आपसी सहयोग से उत्पाद तैयार करने, उनकी गुणवत्ता बेहतर करने और उन्हें बाजार तक पहुंचाने का काम कर रही हैं। कलेक्ट्रेट परिसर में स्टॉल लगाने से उन्हें अपने उत्पादों को व्यापक स्तर पर प्रदर्शित करने और नए ग्राहकों तक पहुंचने का अवसर मिल रहा है।

कलेक्टर कुणाल दुदावत द्वारा स्टॉल पर पहुंचकर महिलाओं से संवाद करने और उनके उत्पाद खरीदने की पहल ने महिला स्व-सहायता समूहों के कार्यों को प्रोत्साहन देने का संदेश दिया है। महिलाओं के हुनर को बाजार और मंच उपलब्ध कराने से उनमें आत्मविश्वास बढ़ रहा है और वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लगा ‘जय माता दी’ समूह का यह स्टॉल देशभक्ति के साथ महिला सशक्तिकरण और स्वावलंबन की मिसाल पेश कर रहा है। तिरंगे की थीम पर तैयार उत्पादों में जहां आजादी के उत्सव की झलक दिखाई दे रही है, वहीं इन उत्पादों के पीछे महिलाओं की मेहनत, रचनात्मकता और आत्मनिर्भर बनने का संकल्प भी नजर आ रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story