जगदलपुर के स्काउट्स-गाइड्स ने राज्य पुरस्कार परीक्षण शिविर में किया उत्कृष्ट प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
जगदलपुर के स्काउट्स-गाइड्स ने राज्य पुरस्कार परीक्षण शिविर में किया उत्कृष्ट प्रदर्शन


जगदलपुर, 13 जुलाई (हि.स.)। केन्द्रीय विद्यालय संगठन रायपुर संभाग के भारत स्काउट एवं गाइड के तत्वावधान में हाल ही में पांच दिवसीय राज्य पुरस्कार परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस विशेष शिविर में पीएमश्री केन्द्रीय विद्यालय जगदलपुर के विद्यार्थियों ने अपनी सक्रिय सहभागिता दर्ज कराते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

इस राज्यस्तरीय परीक्षण शिविर के अंतर्गत स्काउट्स के लिए पीएमश्री केन्द्रीय विद्यालय जांजगीर को तथा गाइड्स के लिए केन्द्रीय विद्यालय जीसी सीआरपीएफ बिलासपुर को केंद्र बनाया गया था, जहां संभाग भर के चुनिंदा विद्यार्थियों के हुनर को परखा गया।

इस प्रतिष्ठित शिविर में पीएमश्री केन्द्रीय विद्यालय जगदलपुर का प्रतिनिधित्व करते हुए 5 स्काउट्स और 7 गाइड्स ने अपनी चमक बिखेरी। विद्यालय के होनहार स्काउट्स रचित राव कर्री, भव्य निर्मलकर, संकल्प सिंह, चिराग कोड़ोपी और प्रतीक पटेल तथा ऊर्जावान गाइड्स पूर्वी मनवानी, उन्नति तिवारी, निकिता ठाकुर, कामिनी भारती, अनुश्री सिंह, भावना हलदर और सुनिधि यादव ने शिविर की विभिन्न गतिविधियों में पूरे अनुशासन के साथ हिस्सा लिया। पांच दिनों तक चले इस सघन शिविर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के भीतर नेतृत्व क्षमता, कड़ा अनुशासन, सेवा भावना, आत्मनिर्भरता, टीम भावना तथा सामाजिक उत्तरदायित्व का विकास करना था, ताकि वे भविष्य में समाज के जिम्मेदार नागरिक बन सकें।

शिविर के दौरान सभी प्रतिभागियों का विभिन्न कठिन मापदंडों के आधार पर परीक्षण किया गया। इसमें विद्यार्थियों को स्काउट एवं गाइड कौशल, ध्वज शिष्टाचार, प्राथमिक उपचार की बारीकियां, विभिन्न प्रकार की गांठें एवं बंधन, मानचित्र अध्ययन, शिविर कला तथा सामुदायिक सेवा से जुड़ी व्यावहारिक गतिविधियों में परखा गया। इसके साथ ही उनके व्यक्तित्व विकास से संबंधित विभिन्न सत्र भी आयोजित किए गए, जिसमें जगदलपुर के इन विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

विद्यार्थियों की इस शानदार सहभागिता और सफलता पर पीएमश्री केन्द्रीय विद्यालय जगदलपुर के प्राचार्य राजकुमार आसनानी ने अत्यंत प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने राज्य स्तरीय शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी स्काउट्स एवं गाइड्स को उन्हें अपनी आत्मीय शुभकामनाएं और आशीर्वाद प्रदान करते हुए कहा कि इस प्रकार के शिविर विद्यार्थियों में न केवल आत्मनिर्भरता की भावना जगाते हैं, बल्कि उन्हें जीवन की हर चुनौती का सामना करने के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से सुदृढ़ भी बनाते हैं। इन विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर संपूर्ण विद्यालय परिवार ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story