बस्तर में पिछले चौबीस घंटे में जगदलपुर में सर्वाधिक 316 मिमी वर्षा हुई

WhatsApp Channel Join Now
बस्तर में पिछले चौबीस घंटे में जगदलपुर में सर्वाधिक 316 मिमी वर्षा हुई


जगदलपुर, 26 सितंबर (हि.स.)। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफ़ान से बस्तर में पिछले चौबीस घंटे में जगदलपुर में सर्वाधिक 316 मिमी. वर्षा हो चुकी है। व्यापक वर्षा ने बस्तर संभाग के बड़े हिस्से के जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। इसके प्रभाव से नदी-नाले उफान पर आ गए हैं, तो शहरी इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया है।

दक्षिण छत्तीसगढ़ और उससे लगे दक्षिण अंदरूनी उड़ीसा के ऊपर अवदाब स्थित है तथा यह 15 किलोमीटर प्रति घंटे के गति से उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। उसके बाद इसके कमजोर होकर निम्नदाब के क्षेत्र के रूप में परिवर्तित होने के आसार हैं।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार अब तक बरसात से कुल वर्षा 1123 मिमी. से अधिक हो चुकी है। लोहंडीगुड़ा में 230 मिमी., बास्तानार, नानगुर में 220मिमी., भानपुरी, मरदापाल में 210मिमी., तोकपाल, माकड़ी में 200मिमी., बस्तर, केशकाल में 190मिमी., बड़े बचेली में 180मिमी., कोहकामेट, अंतागढ़, मैनपुर, धनोरा, अमलीपदर, नारायणपुर, दरभा, ओरछा, बकावंड, छिंदगढ, कोंडगांव में में 170 मिमी.से 150 मिमी. तक वर्षा हुई है। इसके अलावा बस्तर के अन्य जिलों में 140 मिमी. से 100 मिमी. तक बारिश हुई है। प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश और मौसम की मौजूदा स्थिति को देखते हुए बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए शनिवार 26 सितंबर को प्रदेश के सभी स्कूलों में अवकाश के निर्देश दिए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story