जगदलपुर-पुरी स्पेशल ट्रेन अपने गंतव्य श्रीजगन्नाथ पुरी के लिए हुई रवाना

WhatsApp Channel Join Now
जगदलपुर-पुरी स्पेशल ट्रेन अपने गंतव्य श्रीजगन्नाथ पुरी के लिए हुई रवाना


जगदलपुर, 15 जुलाई (हि.स.)। बस्तर से भगवान श्रीजगन्नाथ स्वामी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आज बुधवार प्रातः 6:45 बजे जगदलपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक-1 से ट्रेन संख्या 08553 जगदलपुर-पुरी स्पेशल ट्रेन अपने गंतव्य पुरी के लिए रवाना हुई। विशेष ट्रेन के संचालन से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को पुरी तक सीधी यात्रा की सुविधा मिली।

ट्रेन के प्रस्थान के दौरान रेलवे स्टेशन पर यात्रियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। यात्रियों की सुरक्षा, सुगम यात्रा और स्टेशन पर बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए रेलवे प्रशासन एवं रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की ओर से विशेष इंतजाम किए गए थे। प्लेटफॉर्म पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ यात्रियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

आरपीएफ निरीक्षक प्रवीण कुमार ने कहा कि भगवान श्रीजगन्नाथ के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पुरी जा रहे हैं। यात्रियों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी यात्रियों से अपील है कि अपने सामान का विशेष ध्यान रखें, किसी भी लावारिस वस्तु को हाथ न लगाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की सूचना तत्काल आरपीएफ अथवा रेलवे अधिकारियों को दें। सुरक्षित एवं नियमों का पालन करते हुए यात्रा करें, ताकि सभी श्रद्धालुओं की यात्रा सुखद और सुरक्षित रहे।

रेलवे प्रशासन के अनुसार भगवान श्रीजगन्नाथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए इस स्पेशल ट्रेन का संचालन किया गया है, जिससे बस्तर संभाग के यात्रियों को पुरी तक सीधी एवं सुविधाजनक रेल सेवा का लाभ मिल रहा है। इस स्पेशल ट्रेन के स्वागत के लिए पुरी रेलवे स्टेशन पर भी व्यापक तैयारियां की गई हैं। स्टेशन परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है, तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अतिरिक्त रेलवे कर्मियों, आरपीएफ एवं जीआरपी के जवानों की तैनाती की गई है। यात्रियों के सुरक्षित आवागमन, मार्गदर्शन, पेयजल, चिकित्सा सहायता एवं भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। रेलवे प्रशासन का उद्देश्य है कि भगवान श्रीजगन्नाथ के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा का अनुभव मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story