जगदलपुर : 15 जून से बंद हो जाएगा कुटुमसर गुफा का प्रवेश, मानसून में पर्यटकों की आवाजाही पर रोक
जगदलपुर, 11 जून (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के बस्तर की प्राकृतिक धरोहर और पर्यटकों के प्रमुख आकर्षण केंद्रों में शामिल कुटुमसर गुफा का प्रवेश द्वार 15 जून से बंद कर दिया जाएगा। हर वर्ष की तरह इस बार भी मानसून सीजन को देखते हुए वन विभाग ने पर्यटकों की सुरक्षा के मद्देनजर यह निर्णय लिया है।
कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान में स्थित यह विश्वप्रसिद्ध प्राकृतिक गुफा देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही है। वर्षा ऋतु के दौरान गुफा के भीतर जलभराव, फिसलन और अन्य प्राकृतिक जोखिम बढ़ जाने के कारण यहां पर्यटकों का प्रवेश प्रतिबंधित किया जाता है।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार मानसून के दौरान गुफा के भीतर जलभराव, फिसलन और प्राकृतिक जोखिम बढ़ जाने के कारण वन विभाग द्वारा एहतियातन इसे बंद किया जाता है। इसी वजह से एहतियातन 15 जून से गुफा को आम लोगों के लिए बंद किया जा रहा है।
विभाग ने बताया कि बारिश का मौसम समाप्त होने और गुफा की स्थिति का निरीक्षण किए जाने के बाद सितंबर-अक्टूबर में इसे पुनः पर्यटकों के लिए खोला जाएगा।
प्राकृतिक रहस्यों, दुर्लभ संरचनाओं और अनूठी जैव विविधता के लिए प्रसिद्ध कुटुमसर गुफा बस्तर पर्यटन की पहचान मानी जाती है। ऐसे में मानसून शुरू होने से पहले बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंच रहे हैं। वन विभाग ने पर्यटकों से निर्धारित समय सीमा से पहले भ्रमण करने तथा सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

