आईटीआई के विद्यार्थियों ने स्काई अलॉयज का किया भ्रमण, जाना आधुनिक औद्योगिक कार्यप्रणाली

WhatsApp Channel Join Now
आईटीआई के विद्यार्थियों ने स्काई अलॉयज का किया भ्रमण, जाना आधुनिक औद्योगिक कार्यप्रणाली


रायगढ़, 23 नवंबर (हि.स.)। जिले के प्रतिष्ठित कंपनी स्काई अलॉयज एंड पावर लिमिटेड में आज साेमवार काे शासकीय आईटीआई संस्था, खरसिया के विद्यार्थियों के लिए औद्योगिक भ्रमण का आयोजन किया गया। इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को औद्योगिक गतिविधियों, उत्पादन प्रक्रियाओं, आधुनिक मशीनों एवं तकनीकी कार्यप्रणाली की व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना था।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को संयंत्र के विभिन्न विभागों का अवलोकन कराया गया। इस अवसर पर कंपनी के अधिकारियों एवं तकनीकी विशेषज्ञों द्वारा विद्यार्थियों को उत्पादन प्रक्रिया, मशीनों के संचालन, गुणवत्ता नियंत्रण, मशीनों के रखरखाव तथा औद्योगिक सुरक्षा मानकों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।

प्रबंध निदेशक विकास अग्रवाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ व्यावहारिक ज्ञान, कौशल विकास, अनुशासन एवं सुरक्षा के प्रति जागरूकता औद्योगिक क्षेत्र में सफल भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है। इस प्रकार के औद्योगिक भ्रमण से विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान को वास्तविक औद्योगिक परिस्थितियों से जोड़ने का अवसर मिलता है।

विद्यार्थियों ने संयंत्र की कार्यप्रणाली में विशेष रुचि दिखाई तथा अधिकारियों से विभिन्न तकनीकी विषयों पर जानकारी प्राप्त की। इस दौरान विद्यार्थियों एवं कंपनी के अधिकारियों के बीच संवाद भी हुआ। यह पहल कंपनी की तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास, उद्योग-शिक्षण संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। कार्यक्रम के अंत में आईटीआई संस्थान के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने संयंत्र प्रबंधन तथा अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।

.

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781998 Articles

Share this story