करियर को दें तकनीकी उड़ान : आईटीआई जनकपुर में प्रवेश शुरू, 15 जून तक करें ऑनलाइन आवेदन

WhatsApp Channel Join Now
करियर को दें तकनीकी उड़ान : आईटीआई जनकपुर में प्रवेश शुरू, 15 जून तक करें ऑनलाइन आवेदन


मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, 02 जून (हि.स.)। छत्तीसगढ़ में मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के 10वीं और 12वीं पास युवाओं के लिए रोजगारपरक एवं तकनीकी शिक्षा प्राप्त करने का यह एक शानदार अवसर है। शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) जनकपुर में सत्र 2026-27 के विभिन्न तकनीकी पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इच्छुक अभ्यर्थी आगामी 15 जून 2026 तक विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

संस्था के प्राचार्य से मिली जानकारी के अनुसार, इस सत्र में आधुनिक तकनीकी एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण से जुड़े तीन प्रमुख पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिया जा रहा है। इनमें कंप्यूटर ऑपरेटर एंड प्रोग्रामिंग असिस्टेंस यानी कोपा के एक वर्षीय पाठ्यक्रम के लिए 48 सीटें, इलेक्ट्रीशियन के दो वर्षीय पाठ्यक्रम के लिए 20 सीटें और सिलाई टेक्नोलॉजी के एक वर्षीय पाठ्यक्रम के लिए 40 सीटें उपलब्ध हैं। इन रोजगारोन्मुखी कोर्सेज के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें बेहतर रोजगार व स्वरोजगार के अवसर प्रदान करने का लक्ष्य रखा गया है।

इस वर्ष प्रवेश की पूरी प्रक्रिया तीन चरणों की काउंसलिंग के माध्यम से संपन्न होगी। प्रथम चरण के तहत 16 से 22 जून तक पहली मेरिट सूची जारी की जाएगी, जिसके आधार पर चयनित छात्र 23 से 25 जून तक प्रवेश ले सकेंगे। इसके बाद द्वितीय चरण की सूची 26 जून से 3 जुलाई के बीच आएगी और 4 से 7 जुलाई तक दाखिले होंगे। अंतिम यानी तृतीय चरण की चयन सूची 8 से 12 जुलाई तक जारी होगी, जिसके तहत 13 से 15 जुलाई तक प्रवेश प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

आईटीआई में प्रवेश के इच्छुक उम्मीदवारों के लिए छत्तीसगढ़ राज्य का मूल निवासी होना और न्यूनतम 10वीं कक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। चयन की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होगी और 10वीं में प्राप्त अंकों के आधार पर मेरिट सूची तैयार की जाएगी। प्राचार्य ने क्षेत्र के विद्यार्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि वे समय-सीमा के भीतर आवेदन कर इस कौशल आधारित प्रशिक्षण का लाभ उठाएं। प्रवेश से जुड़ी किसी भी अन्य तकनीकी जानकारी के लिए अभ्यर्थी अपने नजदीकी आईटीआई केंद्र या सीधे शासकीय आईटीआई जनकपुर से संपर्क कर सकते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

Share this story