जांजगीर-चांपा में पात्र हितग्राहियों के राशन कार्ड बनाने के निर्देश, ई-केवाईसी के लिए लगेंगे शिविर

WhatsApp Channel Join Now
जांजगीर-चांपा में पात्र हितग्राहियों के राशन कार्ड बनाने के निर्देश, ई-केवाईसी के लिए लगेंगे शिविर


जांजगीर-चांपा, 12 नवंबर (हि. स.)। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने 12 नवंबर को साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक लेकर विभिन्न विभागों के कार्यों और लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों का संवेदनशीलता और गुणवत्ता के साथ निराकरण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि आम नागरिकों से जुड़ी शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण अधिकारियों की प्राथमिकता होनी चाहिए।

बैठक में कलेक्टर ने जिले के सभी पात्र हितग्राहियों के राशन कार्ड अनिवार्य रूप से बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन हितग्राहियों की ई-केवाईसी प्रक्रिया अब तक पूरी नहीं हुई है, उनके लिए विशेष शिविर आयोजित किए जाएं और शेष कार्य जल्द पूरा कराया जाए, ताकि कोई भी पात्र परिवार शासन की खाद्यान्न योजना के लाभ से वंचित न रहे।

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने जिले में निर्माणाधीन एवं मरम्मत किए जा रहे सड़कों के कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समय-सीमा से समझौता नहीं होना चाहिए।

उन्होंने बारिश के दौरान सड़कों पर जलभराव की स्थिति निर्मित नहीं होने देने के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही जिला मुख्यालय जांजगीर में निर्माणाधीन डिवाइडर का कार्य भी तय समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर ने जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की। इस दौरान पंचायत, शिक्षा, विद्युत, खाद्य, सहकारिता, नगरीय प्रशासन, महिला एवं बाल विकास, पशु चिकित्सा और मत्स्य पालन सहित अन्य विभागों के कार्यों की जानकारी लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम, अपर कलेक्टर बीरेन्द्र लकड़ा, प्रमोद गुप्ता, आर.के. तंबोली, स्निग्धा तिवारी, संयुक्त कलेक्टर संदीप ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776048 Articles

Share this story