धान खरीद में गड़बड़ी, शिकायत के आठ दिन बाद भी कार्रवाई नहीं
धमतरी, 22 नवंबर (हि.स.)। हिंछापुर स्थित खसरा नंबर 124 वाले खेत में धान फसल खड़ी है और उस खसरा नंबर के आधार पर रकबा 0.4800 हेक्टेयर पर टोकन जारी कर खरीदी केन्द्र सांकरा में 15 नवंबर को 42 क्विंटल धान की समर्थन मूल्य पर अवैध खरीद कर ली गई है। इसकी शिकायत एसडीएम, तहसीलदार व सोसायटी में होने पर जब इस जमीन की निरीक्षण किया गया, तो अधिकारी-कर्मचारियों की टीम को खड़ी फसल मिला। बकायदा पंचनामा भी तैयार किया गया। कलेक्टर तक धान खरीदी में गड़बड़ी की शिकायत पहुंची, लेकिन शिकायत के आठ दिन पूरे होने के बाद भी दोषियों पर किसी तरह कार्रवाई नहीं होना चिंता का विषय है। ऐसे में अब शिकायतकर्ता किसान खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री दयालदास बघेल तथा कृषि मंत्री रामविचार नेताम से सीधे मिलकर इसकी शिकायत करने की चेतावनी दी है।
शिकायतकर्ता सांकरा निवासी प्रेम नारायण सिन्हा ने आरोप लगाते हुए कहा है कि धान खरीद केन्द्र सांकरा में खुलेआम फर्जी ढंग से समर्थन मूल्य पर धान की खरीद की जा रही है, लेकिन यहां जवाबदान जिला प्रशासन की नजर ही नहीं है। फर्जी ढंग से धान खरीद के सभी दस्तावेज, सरपंच , ग्रामीण व अधिकारियों द्वारा तैयार खसरा नंबर 124 में खड़ी फसल का निरीक्षण कर पंचनामा देने के बाद भी दोषियों पर कार्रवाई नहीं होना चिंता का विषय है।
शिकायतकर्ता प्रेमनारायण सिन्हा ने बताया कि हिंछापुर स्थित खसरा नंबर 124, रकबा 0.4800 हेक्टेयर दर्ज है। इसी खसरे के आधार पर 15 नवंबर को टोकन के माध्यम से 42 क्विंटल धान बिक्री सांकरा खरीदी केंद्र में की गई है, यह दर्ज है। इस फर्जीवाड़े की शिकायत धान खरीदी से पहले की गई, लेकिन जवाबदारों ने ध्यान नहीं दिया और गलत ढंग से समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी कर लिया है। इस मामले में कलेक्टर के नाम सौंपे ज्ञापन पर एसडीएम नगरी ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया था, लेकिन शिकायत के आठ दिन पूरे होने के बाद भी अब तक दोषियों पर कार्रवाई नहीं किया जा रहा है। मालूम हो कि कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने से पहले अधिकारियों की बैठक लेकर स्पष्ट चेतावनी दिए थे कि धान खरीदी में किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, लेकिन हिंछापुर में फर्जी धान खरीदी सामने आ चुका है। शिकायतकर्ता के पास पुख्ता सबूत है। जिस खसरा नंबर की 42 क्विंटल धान खरीदी दर्शाई गई है, उसी खेत में 19, 20 और 21 नवंबर को हुए अलग-अलग पंचनामों में फसल खड़ी पाई गई है। 22 नवंबर तक भी खेत में फसल मौजूद है। दूसरी ओर इसी खसरे के नाम पर धान खरीदी के साथ भुगतान की प्रक्रिया भी पूरी कर दी गई है। आवेदक प्रेम नारायण सिन्हा ने 15 नवंबर को धान खरीदी के शुभारंभ के दिन सुबह लगभग नौ बजे ही उन्होंने उपार्जन केंद्र सांकरा में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों को इसकी जानकारी दे दी थी। प्रभारी प्रबंधक से शिकायत में भौतिक सत्यापन के बाद ही खरीदी करने की मांग की गई थी। प्रभारी प्रबंधक ने शिकायत की पावती भी दी थी। इसके बावजूद उसी दिन धान खरीदी की प्रक्रिया पूरी कर दी गई।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

