सांसद राधेश्याम राठिया ने पीले चावल देकर जनजातीय समाज को दिया प्रदेश स्तरीय सम्मेलन का न्योता

WhatsApp Channel Join Now
सांसद राधेश्याम राठिया ने पीले चावल देकर जनजातीय समाज को दिया प्रदेश स्तरीय सम्मेलन का न्योता


रायगढ़, 13 नवंबर (हि.स.)।धरमजयगढ़ में 15 नवंबर को आयोजित होने वाले प्रदेश स्तरीय जनजाति गौरव दिवस एवं जनजातीय सम्मेलन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं।इस ऐतिहासिक आयोजन में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सहित प्रदेशभर से अनेक वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य अतिथि धरमजयगढ़ पहुंचेंगे।

इसी कड़ी में रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद राधेश्याम राठिया ने जनजातीय समाज के प्रमुखों, सामाजिक प्रतिनिधियों एवं वरिष्ठजनों से आत्मीय मुलाकात कर उन्हें आदिवासी परंपरा एवं संस्कृति के अनुरूप पीला चावल भेंट कर सम्मेलन में शामिल होने का सादर आमंत्रण दिया।

सांसद राधेश्याम राठिया ने समाज प्रमुखों से आग्रह किया कि वे इस महत्वपूर्ण आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज की गौरवशाली परंपराएं, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक योगदान और महापुरुषों का बलिदान हमारी अमूल्य धरोहर हैं।इन्हें सहेजना और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि जनजाति गौरव दिवस केवल एक आयोजन नहीं,बल्कि जनजातीय समाज के स्वाभिमान, सम्मान,अस्मिता और गौरवशाली इतिहास को नमन करने का अवसर है। भगवान बिरसा मुंडा सहित जनजातीय महापुरुषों के संघर्ष, त्याग और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को स्मरण करने का यह महत्वपूर्ण अवसर है।

15 नवंबर को धरमजयगढ़ की पावन धरा पर देशभर के नेताओं एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में आयोजित होने वाला यह सम्मेलन जनजातीय एकता, सांस्कृतिक गौरव और सामाजिक सहभागिता का महत्वपूर्ण अवसर बनेगा। सांसद श्री राधेश्याम राठिया ने समस्त समाज प्रमुखों, वरिष्ठजनों एवं जनजातीय बंधुओं से बड़ी संख्या में उपस्थित होकर इस आयोजन को सफल बनाने की अपील की।

इस अवसर पर रायगढ़ सांसद ने दुर्गा प्रसाद राठिया केंद्रीय अध्यक्ष राठिया चन्द्रवंशी कँवर समाज,केंद्रीय महासचिव श्री जनक राम राठिया,बालाराम राठिया गौठिया,रघुराम राठिया गोटिया सहित जनजातीय समाज के सभी वरिष्ठजनों,ग्राम पटेल,सरपंच,जनपद सदस्य,और ग्राम गोटिया से भेंट मुलाकात कर न्योता दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776693 Articles

Share this story