सूरजपुर : बिहारपुर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर हुआ भव्य आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
सूरजपुर : बिहारपुर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर हुआ भव्य आयोजन


नवीन अस्पताल परिसर में सैकड़ों लोगों ने किया योगाभ्यास, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का लिया संकल्प

सूरजपुर, 21 जून (हि.स.)। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आज रविवार को बिहारपुर में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। चांदनी बिहारपुर स्थित नवीन अस्पताल भवन परिसर में आयोजित योग शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों एवं स्थानीय नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर सामूहिक योगाभ्यास किया।

कार्यक्रम का आयोजन शासकीय आयुर्वेदिक औषधालय एवं आयुष विभाग बिहारपुर की ओर से किया गया। योग शिविर का शुभारंभ भगवान धन्वंतरि के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया।

आयुर्वेदिक चिकित्सालय के चिकित्सक डॉ. आशीष कुमार शर्मा ने योग के नियमित अभ्यास से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक लाभों की विस्तार से जानकारी दी। वहीं डॉ. योगेश कुमार पटेल ने आयुर्वेद पद्धति से निर्मित औषधीय उत्पादों के उपयोग एवं उनके लाभों के बारे में उपस्थित लोगों को बताया।

योग शिक्षक धर्मेंद्र कुमार विश्वकर्मा ने प्रतिभागियों को योगाभ्यास कराया तथा योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर दिया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने नियमित रूप से परिवार सहित योग करने का संकल्प लिया और योग से होने वाले सकारात्मक प्रभावों पर अपने विचार साझा किए।

कार्यक्रम में शिक्षा, स्वास्थ्य, पुलिस, वन एवं मीडिया विभाग के प्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि एवं नागरिक शामिल हुए। आयोजन को सफल बनाने में आयुष विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिहारपुर के चिकित्सकों एवं महाविद्यालय परिवार का विशेष योगदान रहा।

अंत में योग के माध्यम से स्वस्थ, निरोग एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का संदेश देते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story