एक अक्टूबर को जिलेभर में होंगे वृद्धजन सम्मान समारोह, स्वास्थ्य शिविर भी लगेंगे
बलरामपुर, 24 सितंबर (हि.स.)। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर 1 अक्टूबर को जिलेभर में वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिला स्तरीय आयोजन जनपद पंचायत बलरामपुर में होगा। इसके अलावा जिले की अन्य जनपद पंचायतों और नगरीय निकायों में भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रमों में वरिष्ठ नागरिकों के लिए सम्मान समारोह, स्वास्थ्य जागरूकता शिविर और वित्तीय संरक्षण को लेकर कार्यशाला आयोजित होगी। विशेषज्ञ माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों के भरण-पोषण तथा कल्याण अधिनियम 2007 के प्रावधानों की जानकारी देंगे।
इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ वरिष्ठ नागरिकों के अनुकूल खेल प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। प्रशासन का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा, संरक्षण और सम्मान के प्रति समाज में सकारात्मक वातावरण तैयार करना है। आज गुरुवार को जिला प्रशासन ने आयोजन की तैयारियों को लेकर जानकारी साझा की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

