अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद और राष्ट्रीय बजरंग दल की दो दिवसीय प्रदेश बैठक संपन्न
रायगढ़, 26 जुलाई (हि.स.)। अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद, राष्ट्रीय बजरंग दल, राष्ट्रीय महिला परिषद एवं ओजस्विनी हिंदू हेल्पलाइन छत्तीसगढ़ की दो दिवसीय प्रदेशस्तरीय बैठक 25 और 26 जुलाई को रायगढ़ जिले के किरोड़ीमल नगर में आयोजित की गई। बैठक में प्रदेशभर से संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए तथा आगामी संगठनात्मक गतिविधियों और जनसंपर्क अभियानों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद के राष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री प्रदीप गौड़ ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। उन्होंने संगठन की भावी योजनाओं और जनसंपर्क अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर दिया।
संगठन की ओर से बताया गया कि संस्थापक अध्यक्ष डॉ. प्रवीण भाई तोगड़िया के आह्वान पर गुरु पूर्णिमा से विजयादशमी तक देशभर के 25 लाख हिंदू परिवारों तक संपर्क अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के माध्यम से संगठन की विचारधारा और विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी।
बैठक में निर्णय लिया गया कि गांव, नगर, ब्लॉक, तहसील और वार्ड स्तर पर हनुमान चालीसा केंद्र स्थापित करने की दिशा में कार्य किया जाएगा। संगठन के अनुसार, इन केंद्रों के माध्यम से हिंदू समाज की सुरक्षा, समृद्धि और सम्मान से जुड़े विषयों पर गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
इसके अलावा महिला सुरक्षा को लेकर प्रशिक्षण कार्यक्रम तथा निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित करने की योजना पर भी चर्चा की गई। कार्यक्रम के दौरान संगठन विस्तार के तहत विभाग एवं जिलास्तर पर विभिन्न पदों पर नई नियुक्तियों की भी घोषणा की गई।
बैठक में छत्तीसगढ़ प्रदेश के पदाधिकारी राहुल वाड़ीवा, महेंद्र साव, गौरीशंकर भलावी, वरुण सिंह, मुकेश चक्रधारी, नागेश्वर साहू, जितेंद्र महंत, हेमंत साहू, मनोज साहू सहित विभाग एवं जिला स्तर के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान

